---Advertisement---

श्री बंशीधर नगर: सड़क हादसों पर सख्त हुई पुलिस, वाहन चेकिंग में 20 बाइक जब्त

On: May 11, 2026 5:59 PM
---Advertisement---

हेलमेट नहीं पहनने वालों पर कार्रवाई, कई नाबालिग चालक भी पकड़े गए

यातायात नियमों का पालन करें, तभी सड़क दुर्घटनाओं पर लगेगा विराम : उपेंद्र कुमार

श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। गढ़वा जिले में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए श्री बंशीधर नगर पुलिस ने रविवार की शाम सख्त रुख अपनाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार के नेतृत्व में थाना गेट के सामने मुख्य मार्ग पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन कर चल रहे 20 दोपहिया वाहनों को जब्त कर चालान की कार्रवाई की गई।

पुलिस की अचानक हुई इस कार्रवाई से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। कई बाइक चालक दूर से ही पुलिस की चेकिंग देखकर रास्ता बदलकर भागते नजर आए। जांच अभियान के दौरान पुलिस ने सड़क से गुजर रहे दोपहिया वाहनों को रोककर वाहन के कागजात, ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा और हेलमेट की जांच की। बिना हेलमेट चलने वाले बाइक चालकों को पुलिस ने जमकर फटकार लगाई। वहीं कई नाबालिग बच्चे भी बाइक चलाते पकड़े गए, जिनके खिलाफ भी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई।

उपेंद्र कुमार थाना प्रभारी (फाइल फोटो)

थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी ही सड़क दुर्घटनाओं की सबसे बड़ी वजह बन रही है। लोग छोटी लापरवाही को गंभीरता से नहीं लेते, लेकिन हादसा होने के बाद उसका दर्द समझ में आता है। उन्होंने कहा कि बिना हेलमेट बाइक/सीट बेल्ट के कार चलाना सीधे तौर पर जान जोखिम में डालना है। इसलिए घर से निकलते समय हेलमेट/सीट बेल्ट अवश्य पहनें और वाहन के सभी जरूरी कागजात साथ रखें।

उन्होंने बताया कि पुलिस पदाधिकारियों के निर्देश पर यह विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया, जिसमें 20 दोपहिया वाहनों को जब्त करते हुए मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई के लिए जिला परिवहन पदाधिकारी को पत्राचार किया गया है। थाना प्रभारी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए यातायात नियमों का पालन बेहद जरूरी है और आगे भी इस तरह का अभियान लगातार जारी रहेगा।

इधर, वाहन जांच अभियान समाप्त होने के बाद कई लोगों ने पैरवी कर जब्त बाइक छुड़वाने का प्रयास किया, लेकिन थाना प्रभारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पैरवी करने के बजाय लोगों को जागरूक करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन कर लोग न सिर्फ खुद सुरक्षित रह सकते हैं, बल्कि दूसरों की जिंदगी भी बचा सकते हैं। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस पदाधिकारी अमित प्रशांत, सअनि मुन्ना सिंह, अनुज सिंह, संजय महतो,कौशल दुबे, विजय लाल चौरसिया सहित पुलिस बल के जवान मौजूद थे।

Shubham Jaiswal

“मैं शुभम जायसवाल, बीते आठ वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़ा हूँ। इस दौरान मैंने विभिन्न प्रतिष्ठित अखबारों और समाचार चैनलों में प्रतिनिधि के रूप में कार्य करते हुए न केवल खबरों को पाठकों और दर्शकों तक पहुँचाने का कार्य किया, बल्कि समाज की समस्याओं, आम जनता की आवाज़ और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की वास्तविक तस्वीर को उजागर करने का प्रयास भी निरंतर करता रहा हूँ। पिछले पाँच वर्षों से मैं साप्ताहिक अखबार ‘झारखंड वार्ता’ से जुड़ा हूँ और क्षेत्रीय से जिले की हर छोटी-बड़ी घटनाओं की सटीक व निष्पक्ष रिपोर्टिंग के माध्यम से पत्रकारिता को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास कर रहा हूँ। पत्रकारिता मेरे लिए केवल पेशा नहीं बल्कि समाज और जनता के प्रति एक जिम्मेदारी है, जहाँ मेरी कलम हमेशा सच और न्याय के पक्ष में चलती है।

Join WhatsApp

Join Now