
मझिआंव: आर. के. पब्लिक स्कूल, उंचारी, मंझिआंव में गुरुवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री के. आर. झा ने विद्यालय के शिक्षकों के साथ भगवान श्रीकृष्ण के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। विद्यार्थियों के लिए अवकाश होने के कारण इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों ने भगवान श्रीकृष्ण को समर्पित गीत एवं नृत्य प्रस्तुत किए।

श्रीमती प्रीति सिंह ने “कृष्णा हे” गीत की मनमोहक धुन पर शानदार नृत्य प्रस्तुति देकर उपस्थित सभी लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं श्री अभिषेक चौबे, श्री रूपेश कुमार पांडेय, श्री संतोष गुप्ता, श्री अजीत कुमार पांडेय, सुश्री स्नेहा सिंह, सुश्री स्नेहा मिश्रा, सुश्री तनु सिंह, सुश्री आकांक्षा तिवारी, सुश्री अनामिका एवं श्रीमती संजुक्ता ठाकुर ने मधुर गीतों की प्रस्तुति दी। सभी प्रस्तुतियों को उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहा।

इस अवसर पर शिक्षकों को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री के. आर. झा ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के रूप में मनाई जाती है। भगवान श्रीकृष्ण को भगवान विष्णु का आठवां अवतार माना जाता है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण धर्म, सत्य एवं सदाचार के प्रतीक हैं। उनका जीवन बुराई पर अच्छाई की विजय और धर्म की पुनर्स्थापना का संदेश देता है।
प्रधानाचार्य ने सभी शिक्षकों से आह्वान किया कि वे सदैव सत्य, न्याय, धर्म एवं परोपकार के मार्ग पर चलें। उन्होंने कहा कि इन्हीं मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने से ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों की सार्थकता सिद्ध होगी।
कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी कलाकारों एवं प्रतिभागियों को प्रशंसा-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

आर. के. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन, प्रख्यात शिक्षाविद् एवं लोकप्रिय सामाजिक कार्यकर्ता श्री अलख नाथ पांडेय ने अपने संदेश के माध्यम से विद्यालय के सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने सभी से न्याय एवं सत्य के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का समापन विद्यालय के सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों के बीच मिठाई वितरण के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।







