
झारखंड वार्ता डेस्क
मेदिनीनगर (पलामू)। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) की ड्यूटी में तैनात एक पुलिस जवान की लापरवाही का मामला सामने आया है। जवान संजीव तिवारी की सरकारी एसएलआर राइफल गायब हो गई। कई घंटे की खोजबीन के बाद राइफल उसी घर में सोफे के नीचे से बरामद हुई, जहां जवान ठहरा हुआ था। मामले को गंभीरता से लेते हुए पलामू एसपी कपिल चौधरी ने बिश्रामपुर एसडीपीओ से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। जवान को निलंबित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, संजीव तिवारी बिश्रामपुर थाना क्षेत्र के नवगढ़ा ओपी में तैनात हैं। उनकी ड्यूटी जेटेट परीक्षा के लिए मेदिनीनगर में लगाई गई थी। इस दौरान वह शहर के रेडमा स्थित अपने एक रिश्तेदार के घर पर ठहरे हुए थे। बताया जाता है कि जवान घर में सो रहे थे। नींद खुलने पर उन्हें अपनी सरकारी एसएलआर राइफल नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने पुलिस को हथियार गायब होने की सूचना दी।
गाड़ी से हथियार गायब होने की दी थी जानकारी
हथियार नहीं मिलने पर जवान ने मेदिनीनगर टाउन थाना को सूचना दी। शुरुआत में उन्होंने बताया कि राइफल गाड़ी में रखी थी और वहीं से गायब हो गई। परीक्षा ड्यूटी के दौरान सरकारी हथियार गायब होने की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और हथियार की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस टीम ने घर और आसपास के इलाके में कई घंटे तक खोजबीन की। इसी दौरान राइफल घर के अंदर सोफे के नीचे से बरामद हो गई। इसके बाद हथियार गायब होने की घटना को लेकर जवान की भूमिका पर सवाल उठने लगे।
एसपी ने मांगी रिपोर्ट, विभागीय कार्रवाई की तैयारी
पलामू एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि बिश्रामपुर एसडीपीओ चिरंजीवी मंडल से पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। लापरवाही बरतने और भ्रामक जानकारी देने के मामले में जवान संजीव तिवारी को निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि बरामद एसएलआर राइफल को सुरक्षित रखा गया है और मामले की जांच की जा रही है।
मेडिकल जांच भी कराई जा रही
एसपी के अनुसार, जवान मूल रूप से पलामू के चैनपुर का रहने वाला है। उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। साथ ही उसका मेडिकल परीक्षण भी कराया जा रहा है, ताकि घटना के समय उसकी शारीरिक और मानसिक स्थिति की जानकारी मिल सके। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।







