July 26, 2026

बेटे ने मां-बाप और बहन को कुल्हाड़ी से काट डाला, बिस्किट खाते हुए पहुंचा थाने

झारखंड वार्ता न्यूज़

राजस्थान:- नागौर जिले से दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है, जहां ट्रिपल मर्डर के बाद से सनसनी फैल गई है। पुलिस ने तीनों मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। साथ ही पुलिस ने हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कहा कि मामले की पूरी जांच होने के बाद आरोपी पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ये दर्दनाक घटना पादूकलां थाना क्षेत्र की है। पैसे नहीं देने से नाराज बेटे ने शनिवार रात घर में सो रहे माता-पिता को मौत के घाट सुला दिया। साथ ही आरोपी ने 15 साल की दिव्यांग बहन की भी बेरहमी से हत्या कर दी। शनिवार रात तीनों का मर्डर करने के बाद आरोपी बेटा रातभर शवों के साथ ही रहा। इसके बाद सुबह बिस्किट खाते हुए पुलिस स्टेशन पहुंचा और हत्या की जानकारी दी। हत्याकांड के बाद से ही परिवार में अकेली बची बूढी दादी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है।

पुलिस ने बताया कि दिलीप सिंह, उसकी पत्नी राजेश कंवर और बेटी प्रियंका (दिव्यांग) की आरोपी ने हत्या की है। हत्यारे बेटे ने तीनों पर कुल्हाड़ी से वार किया है। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई, पुलिस ने हत्यारे बेटे को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।

ख़बर को शेयर करें।