
वीडियो कॉल पर बुजुर्गों ने दिया आशीर्वाद
जमशेदपुर: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू का जन्मदिन इस बार सियासी तामझाम से इतर मानवीय संवेदनाओं और सेवा भाव के साथ मनाया गया। बाराद्वारी स्थित ‘ओल्ड एज होम’ में गुरुवार को भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ताजदार आलम के नेतृत्व में एक विशेष सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां बुजुर्गों और बच्चों के चेहरे पर मुस्कान बिखेर कर प्रदेश अध्यक्ष की दीर्घायु की कामना की गई।
वीडियो कॉल के जरिए सीधे जुड़े प्रदेश अध्यक्ष, बुजुर्गों ने दिल खोलकर दीं दुआएं
कार्यक्रम का सबसे भावुक और मुख्य क्षण तब सामने आया जब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू खुद वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ओल्ड एज होम के बुजुर्गों और बच्चों से रूबरू हुए। स्क्रीन के उस पार बैठे प्रदेश अध्यक्ष को देखकर वृद्ध माताओं और पुरुषों की आंखें भर आईं और सभी ने हाथ उठाकर उन्हें लंबी उम्र और स्वस्थ जीवन का आशीर्वाद दिया। इस आत्मीय संवाद के दौरान आदित्य साहू ने मोर्चा अध्यक्ष ताजदार आलम, उपस्थित कार्यकर्ताओं और आश्रम परिवार का आभार जताते हुए कहा कि बुजुर्गों के इस स्नेह और आशीर्वाद से उन्हें जनसेवा के मार्ग पर चलने की नई ऊर्जा मिलती है।
राशन किट और नाश्ते का वितरण, बच्चों ने बढ़ाई रौनक
अल्पसंख्यक मोर्चा की ओर से आश्रम में रह रहे सभी बुजुर्गों और कुष्ठ प्रभावित परिवारों (लेप्रोसी फैमिली) के बच्चों के बीच नाश्ता, भोजन और आवश्यक राशन किट का वितरण किया गया। इस मौके पर ‘गीता थिएटर’ के बच्चों की मौजूदगी ने आश्रम के माहौल को और भी खुशनुमा और जीवंत बना दिया।
ये प्रमुख चेहरे रहे मौजूद
सेवा और सद्भाव के इस आयोजन में मुख्य रूप से अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ताजदार आलम के साथ मंजीत सिंह गिल, जोगिंदर सिंह जोगी, रविंद्र सिंह रिंकू, बलवीर सिंह बबलू, रॉकी सिंह, दाऊद भाई, मुन्ना भाई समेत कई प्रमुख पदाधिकारी और गीता थिएटर के नन्हे कलाकार उपस्थित रहे। सभी कार्यकर्ताओं ने मिलकर बुजुर्गों की सेवा की और प्रदेश अध्यक्ष के दीर्घायु होने की मंगलकामना की।





