
जकार्ता: इंडोनेशिया में शनिवार सुबह शक्तिशाली भूकंप के झटकों से कई इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, भूकंप की तीव्रता 7.7 मापी गई। भूकंप का केंद्र समुद्र के नीचे होने के कारण तटीय क्षेत्रों में सुनामी का खतरा बढ़ गया, जिसके बाद प्रशासन ने कई इलाकों के लिए चेतावनी जारी की है।
स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 6 बजे आए इस भूकंप का केंद्र इंडोनेशिया के एंडे शहर से लगभग 68 किलोमीटर दूर फ्लोरेस आईलैंड के पास समुद्र के भीतर बताया जा रहा है। इसकी गहराई करीब 10 किलोमीटर थी। भूकंप के तेज झटकों के बाद लोगों में दहशत फैल गई और कई स्थानों पर लोग घरों से बाहर निकल आए।
इस शक्तिशाली भूकंप के बाद भी धरती के हिलने का सिलसिला जारी रहा। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इसके बाद 5.6 और 5.9 तीव्रता के दो तेज आफ्टरशॉक दर्ज किए गए। वहीं इंडोनेशिया के हलमहेरा क्षेत्र में स्थित माउंट इबू ज्वालामुखी में विस्फोट हुआ, जिससे करीब 5 किलोमीटर ऊंचा राख का गुबार आसमान में उठा।
प्रारंभिक रिपोर्टों में कुछ घरों और सरकारी इमारतों के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, अभी तक भूकंप के कारण किसी व्यक्ति की मौत या घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। स्थानीय प्रशासन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर नुकसान का आकलन कर रही हैं।
इंडोनेशिया की मौसम, जलवायु और भूभौतिकी एजेंसी ने भूकंप के बाद पूर्वी नुसा तेंगारा, पश्चिमी नुसा तेंगारा, दक्षिण सुलावेसी और दक्षिण-पूर्व सुलावेसी के कुछ तटीय इलाकों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की है।




