---Advertisement---

छात्र बोले- खाने में छिपकली है, शिमला मिर्च बताकर एक झटके में खा गया मेस कर्मचारी; वीडियो वायरल

On: March 23, 2026 8:32 PM
---Advertisement---

भोपाल: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में स्थित राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (आरजीपीवी) के छात्रावास मेस से जुड़ा चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक छात्र ने आरोप लगाया है कि उसके खाने में छिपकली पाई गई। इस घटना के बाद छात्रों में आक्रोश देखा जा रहा है

जानकारी के अनुसार, मेस द्वारा परोसे गए भोजन में एक छात्र को अपनी थाली में संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। जब उसने ध्यान से देखा तो उसे छिपकली होने का संदेह हुआ। छात्र ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जिसमें वह सब्जी के अंदर मरी हुई वस्तु दिखाता नजर आ रहा है।

वीडियो में यह भी देखा जा सकता है कि जब छात्र ने इस मामले की शिकायत मेस के कर्मचारियों से की, तो एक कर्मचारी ने इसे शिमला मिर्च बताते हुए छात्र की बात को खारिज कर दिया। इतना ही नहीं, कर्मचारी ने कथित रूप से उस वस्तु को उठाकर खा लिया और दावा किया कि यह छिपकली नहीं, बल्कि शिमला मिर्च है। इस घटना से मौके पर मौजूद छात्र हैरान रह गए और लगातार कर्मचारी को समझाने की कोशिश करते रहे कि वह वस्तु छिपकली है, लेकिन कर्मचारी अपनी बात पर अड़ा रहा।

इस पूरे मामले को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन हरकत में आ गया है। आरजीपीवी के डायरेक्टर डॉ. एस.एस. भदौरिया ने बताया कि वीडियो उनके संज्ञान में आया है और इसकी गंभीरता को देखते हुए जांच समिति गठित कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

वहीं, मेस संचालक का कहना है कि छात्रों द्वारा जो आरोप लगाए जा रहे हैं, वह सही नहीं हैं और थाली में मौजूद वस्तु शिमला मिर्च थी। छिपकली होती तो कर्मचारी क्यों खाता।

फिलहाल, इस घटना के बाद हॉस्टल के छात्रों में खाने की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। राहत की बात यह है कि अभी तक किसी छात्र के बीमार होने की कोई सूचना सामने नहीं आई है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जांच पूरी होने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now