T20 World Cup: भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 विश्व कप 2026 में होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले को लेकर बना सस्पेंस आखिरकार खत्म हो गया है। पाकिस्तान सरकार ने औपचारिक रूप से अपनी क्रिकेट टीम को भारत के खिलाफ 15 फरवरी 2026 को होने वाला टी20 मैच खेलने की अनुमति दे दी है। इसके साथ ही पिछले कई दिनों से चला आ रहा गतिरोध समाप्त हो गया।
दरअसल, पाकिस्तान सरकार ने इससे पहले अपनी टीम को भारत के खिलाफ मैदान पर न उतरने का निर्देश दिया था। 1 फरवरी को पाकिस्तान सरकार ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर पोस्ट कर यह घोषणा की थी कि टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाला मुकाबला नहीं खेला जाएगा। इस फैसले के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट जगत में हलचल मच गई थी।
हालांकि, सोमवार को पाकिस्तान सरकार ने अपने रुख में बड़ा बदलाव करते हुए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को मैच खेलने की मंजूरी दे दी। सरकार की ओर से सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा गया कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी ने हालिया बातचीत की पूरी जानकारी दी।
बयान के मुताबिक, पीसीबी, बीसीबी और आईसीसी के प्रतिनिधियों के बीच हुई चर्चाओं के नतीजों से प्रधानमंत्री को अवगत कराया गया। इसके साथ ही बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) द्वारा भेजे गए औपचारिक अनुरोधों और श्रीलंका, यूएई समेत अन्य सदस्य देशों के सपोर्टिंग कम्युनिकेशन की भी समीक्षा की गई।
इन पत्रों में पाकिस्तान से मौजूदा चुनौतियों का सकारात्मक और व्यावहारिक समाधान निकालने में नेतृत्व दिखाने की अपील की गई थी। कई देशों के साथ हुई बातचीत और दोस्ताना देशों के अनुरोधों को ध्यान में रखते हुए पाकिस्तान सरकार ने आखिरकार यह फैसला लिया।
सरकारी बयान में कहा गया, ‘इन सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद पाकिस्तान सरकार पाकिस्तान क्रिकेट टीम को निर्देश देती है कि वह 15 फरवरी 2026 को टी20 विश्व कप में अपने तय मुकाबले के लिए मैदान में उतरे।‘

अब यह तय हो गया है कि भारत और पाकिस्तान की टीमें पहले से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 15 फरवरी को आमने-सामने होंगी। इस मुकाबले को लेकर क्रिकेट फैंस में जबरदस्त उत्साह है और माना जा रहा है कि यह मैच टूर्नामेंट का सबसे चर्चित मुकाबला होगा।
पाकिस्तान के रुख में आए इस लगातार बदलाव ने जरूर सवाल खड़े किए, लेकिन अंततः अंतरराष्ट्रीय दबाव और क्रिकेटिंग रिश्तों को प्राथमिकता देते हुए सरकार ने मैच खेलने का फैसला किया।













