रांची: झारखंड हाईकोर्ट के नवनियुक्त चीफ जस्टिस तरलोक सिंह चौहान ने बुधवार (23 जुलाई, 2025) को पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। रांची के राजभवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही वे झारखंड के 17वें चीफ जस्टिस बन गए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, झारखंड हाई कोर्ट के सभी न्यायाधीश, झारखंड सरकार के कई मंत्री, महाधिवक्ता राजीव रंजन, जस्टिस तरलोक सिंह चौहान के परिजन और राज्य सरकार के अधिकारी उपस्थित रहे।
कौन हैं तरलोक सिंह चौहान?
झारखंड हाईकोर्ट के नवनियुक्त चीफ जस्टिस तरलोक सिंह चौहान हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट में चीफ जस्टिस के बाद सबसे सीनियर जज थे। उन्होंने स्कूली शिक्षा शिमला से प्राप्त की है। चंडीगढ़ की पंजाब यूनिवर्सिटी से उन्होंने कानून की पढ़ाई की है। 1989 में हिमाचल प्रदेश स्टेट बार काउंसिल में एडवोकेट के तौर पर उन्होंने दाखिला लिया था। हाईकोर्ट के अतिरिक्त जज के तौर पर 2014 में उन्हें पदोन्नत किया गया था। उसी साल उन्हें स्थायी न्यायाधीश भी नियुक्त किया गया था।