शुभम जायसवाल
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। टीम इंडिया के तेज गेंदबाज आकाश दीप रविवार को अचानक गढ़वा जिले के श्री बंशीधर नगर पहुंच गए। उनके आगमन की खबर मिलते ही इलाके में उत्साह का माहौल बन गया। हालांकि शुरुआत में लोगों को उनके आने की जानकारी नहीं थी, लेकिन बाद में जैसे ही पहचान हुई, बड़ी संख्या में लोग उन्हें देखने और उनके साथ फोटो खिंचवाने के लिए जुट गए।
जानकारी के अनुसार, आकाशदीप भैसबड़वा गांव निवासी स्व. मुनेश्वर सिंह उर्फ मुनि गुरुजी के परिवार में आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। वे अजय सिंह के बड़े पुत्र शिव सिंह के यहां अपनी चचेरी बहन के तिलक कार्यक्रम में शरीक हुए थे। बताया जा रहा है कि उनकी चचेरी बहन की शादी भैसबड़वा के अजय सिंह के पुत्र व एमके इंटरनेशनल स्कूल के चेयरमैन डॉ अभिमन्यु सिंह के छोटे भाई शिव सिंह से तय हुई है और इसी सिलसिले में वे कार्यक्रम में शामिल होने आए थे।
करीब चार घंटे तक वे कार्यक्रम में मौजूद रहे। इस दौरान शुरू में लोग उन्हें पहचान नहीं पाए, लेकिन स्थानीय क्रिकेट खिलाड़ियों को जैसे ही जानकारी मिली, वहां भीड़ जुटनी शुरू हो गई। देखते ही देखते सैकड़ों लोग वहां पहुंच गए और उनके साथ सेल्फी लेने की होड़ लग गई।
भीड़ बढ़ने पर पुलिस सुरक्षा में निकले बाहर
भीड़ लगातार बढ़ने और धक्का-मुक्की की स्थिति बनने के बाद आकाशदीप को बिहार पुलिस के जवानों की सुरक्षा में वहां से निकलना पड़ा। हालांकि इस दौरान उन्होंने कई लोगों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं और सभी से काफी सहजता से मिले।
स्थानीय लोगों ने बताया कि आकाशदीप बेहद सरल और जमीन से जुड़े खिलाड़ी हैं। उनमें किसी प्रकार का अहंकार नहीं है और वे आम लोगों के बीच सहज रूप से घुल-मिल जाते हैं।
आईपीएल से बाहर, टेस्ट टीम के अहम खिलाड़ी
बताया जा रहा है कि चोट के कारण आकाशदीप इस बार इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में हिस्सा नहीं ले सके हैं। वे कोलकाता नाइट राइडर्स से जुड़े रहे हैं, लेकिन चोट के चलते पूरे सीजन से बाहर हैं।
मूल रूप से बिहार के सासाराम के रहने वाले आकाशदीप घरेलू क्रिकेट में बंगाल की ओर से खेलते हैं और फिलहाल भारतीय टेस्ट टीम के नियमित सदस्य हैं। इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में शानदार प्रदर्शन कर उन्होंने सुर्खियां बटोरी थीं।














