
ठाणे:
महाराष्ट्र के ठाणे में मंगलवार रात कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए बेखौफ बदमाशों ने शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के स्थानीय नेता प्रदीप पूर्णेकर की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने इस वारदात को उस वक्त अंजाम दिया जब पूर्णेकर मानपाड़ा स्थित अपने कार्यालय में मौजूद थे। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया है।
हमला, हाथापाई और ताबड़तोड़ फायरिंग
मिली जानकारी के मुताबिक, वारदात रात करीब 9 बजे कपूरबावड़ी थाना क्षेत्र के तहत मानपाड़ा इलाके में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, दो अज्ञात हमलावर अचानक कार्यालय पहुंचे। पहले पूर्णेकर पर शारीरिक हमला किया गया और फिर बेहद करीब से उन पर दो से अधिक राउंड गोलियां दाग दी गईं। खून से लथपथ पूर्णेकर को आनन-फानन में घोड़बंदर रोड स्थित आर मॉल के पास इन्फिनिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
आंदोलन की तैयारी और सोशल मीडिया पोस्ट का एंगल
प्रदीप पूर्णेकर मानपाड़ा उपविभाग प्रमुख के रूप में आजाद नगर और गणेश नगर के स्थानीय नागरिकों के मुद्दों को लेकर काफी सक्रिय थे। वे इन समस्याओं को लेकर एक बड़ा जन-आंदोलन करने की तैयारी में थे। हालांकि प्रशासन से आंदोलन की अनुमति नहीं मिलने पर उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए एक पोस्ट भी साझा की थी। पुलिस अब इस राजनीतिक व सामाजिक सक्रियता के पहलू को भी जांच के दायरे में रखकर देख रही है।
ठाणे की सीमाओं पर नाकेबंदी, CCTV खंगाल रही फॉरेंसिक टीम
वारदात की सूचना मिलते ही कपूरबावड़ी पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञों का दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा। पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर सबूत जुटाए हैं। ठाणे से बाहर निकलने वाले सभी प्रमुख मार्गों पर सघन नाकेबंदी कर दी गई है। हमलावरों के भागने के रूट को ट्रैक करने के लिए मुख्य सड़कों और आसपास की इमारतों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
राज्य में अपराध की बढ़ती घटनाओं के बीच इस हत्याकांड ने सुरक्षा व्यवस्था पर फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



