
मझिआंव (गढ़वा): मझिआंव प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय ऊंचरी में शिक्षिका के साथ कथित गाली-गलौज और दुर्व्यवहार के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान योगेंद्र चंद्रवंशी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी कथित तौर पर हाथ में लाठी लेकर विद्यालय परिसर पहुंचा था। आरोप है कि उसने विद्यालय में कार्यरत सहायक शिक्षिका शाइस्ता सुल्ताना के साथ गाली-गलौज की और अभद्र व्यवहार किया। शिक्षिका ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि युवक ने विद्यालय में मुस्लिम शिक्षक के नहीं पढ़ाने की बात कहते हुए उनके साथ दुर्व्यवहार किया।
शिक्षिका ने अपने आवेदन में यह भी बताया है कि आरोपी द्वारा पूर्व में भी उनके साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया जा चुका है। घटना के बाद उन्होंने मामले की शिकायत मझिआंव थाना पुलिस से की।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और प्राथमिकी में नामजद आरोपी योगेंद्र चंद्रवंशी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।





