
जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक ही परिवार के चार सदस्यों की बेरहमी से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। करधनी थाना क्षेत्र के गोविंदपुरा में एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी और तीन बेटियों की हत्या करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने गुरुवार रात घर में सो रही पत्नी और बेटियों के सिर पर भारी पत्थर से वार कर उनकी जान ले ली। वारदात के बाद भी वह सामान्य व्यवहार करता रहा और शुक्रवार सुबह अपने बुजुर्ग पिता के लिए चाय बनाकर उन्हें पिलाई। इसके बाद घर से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान राहुल झा के रूप में हुई है। मृतकों में उसकी पत्नी गीता (40) और तीन बेटियां नंदिनी (23), राधिका (18) और गौरी (14) शामिल हैं।
सोते समय किया हमला
प्रारंभिक जांच के मुताबिक, गुरुवार रात जब परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे, उसी दौरान राहुल ने कथित तौर पर पत्थर से पत्नी और तीनों बेटियों के सिर पर एक-एक कर कई वार किए। हमले में चारों की मौके पर ही मौत हो गई। वार इतने वीभत्स और ताकत से किए गए थे कि कमरे की दीवारें और फर्श खून के छींटों से लाल हो गए।
वारदात के बाद आरोपी ने घर से भागने की जल्दबाजी नहीं दिखाई। शुक्रवार सुबह करीब सात बजे उसने दूध लिया और अपने 85 वर्षीय पिता लक्ष्मीनारायण के लिए चाय बनाई। उसने पिता को चाय पिलाई और खुद भी चाय पी। इसके बाद वह घर से फरार हो गया। उस समय बुजुर्ग पिता को घटना की जानकारी नहीं थी।
पड़ोसियों को हुआ शक
सुबह करीब 10 बजे तक घर में किसी तरह की हलचल नहीं होने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ। घर के आसपास खून के निशान दिखाई देने के बाद लोगों ने अंदर जाकर देखा तो उनके होश उड़ गए। एक कमरे में गीता और उनकी तीनों बेटियों के शव पड़े थे।
परिवार के चार सदस्यों की लाशें देखने के बाद बुजुर्ग सदमे में आ गया। पिता को तब खबर मिली कि बेटा रात में अपनी पत्नी गीता समेत तीन बेटियों की हत्या कर चुका है। उसके बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस, FSL और डॉग स्क्वायड ने जुटाए साक्ष्य
सूचना मिलते ही करधनी थाना पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घर के अंदर का दृश्य देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) और डॉग स्क्वायड की टीम को मौके पर बुलाया गया।
एफएसएल टीम ने घटनास्थल से खून के नमूने, वारदात में इस्तेमाल किया गया पत्थर और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच कर सबूत सुरक्षित किए हैं।
हत्या की वजह अभी साफ नहीं
प्रारंभिक जांच में आर्थिक परेशानी और पारिवारिक विवाद को वारदात की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि हत्या के पीछे वास्तविक कारण क्या था, इसका स्पष्ट खुलासा आरोपी की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस ने राहुल झा की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की हैं। शहर के प्रमुख नाकों और सीमावर्ती इलाकों में नाकाबंदी कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस आरोपी की तलाश में सघन सर्च ऑपरेशन चला रही है।
एक ही परिवार के चार सदस्यों की हत्या की इस घटना से गोविंदपुरा इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद हत्याकांड की पूरी तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।






