
दिनेश गुप्ता
रमना(गढ़वा)। शारदीय नवरात्र को लेकर रमना प्रखंड में भक्ति और आस्था का माहौल शुरू हो गया है. प्रखंड मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक मां दुर्गा की आराधना में श्रद्धालु जुट गये हैं.शनिवार को विभिन्न मंदिरों,पंडालो में विधि-विधान से कलश स्थापना के साथ पूजा-पाठ शुरू हुआ. मंदिर सहित पूजा पंडालों में गूंजते मंत्रोच्चार, भजन-कीर्तन और जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा है.प्रखंड मुख्यालय सहित आस पास के क्षेत्रों में गाजे-बाजे के साथ सैकड़ों श्रद्धालुओं की टोली में जलयात्रा पर निकाली गई.श्रद्धालु स्थानीय नदी पहुंचे, जहां से पवित्र जल लेकर वापस मंदिर आये. इसके बाद विधि-विधान के साथ कलश स्थापना की गयी. जलयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के जयघोष से वातावरण गूंज उठा.
श्रद्धा और उत्साह से सराबोर इस आयोजन ने पूरे क्षेत्र में धार्मिक उल्लास का संचार कर दिया.नवरात्र को लेकर बाजार स्थित दुर्गा मंदिर, बस स्टैंड स्थित नवयुवक संघ, शहीद चौक स्थित सूर्या क्लब सहित सिलीदाग, भगोडिह, कर्णपुरा, बहियार कला, टंडवा देवी धाम, चुंदी देवी धाम, बहियार खुर्द, मड़वनिया, जुड़वनिया और देवी धाम गिद्दी में भी कलश स्थापना के साथ पूजा-अर्चना शुरू हो गयी है. ग्रामीण क्षेत्रों में भी नवरात्र को लेकर उत्साह है. श्रद्धालु मां दुर्गा की आराधना कर सुख-समृद्धि और शांति की कामना कर रहे हैं.वहीं, बाजार स्थित दुर्गा मंदिर में पंडित रामचंद्र मिश्रा के नेतृत्व में विधि-विधान से पूजा-पाठ कराया जा रहा है.इधर पूजा को सफल बनाने के लिए मंदिर कमेटी के सदस्य दिन-रात जुटे हुए हैं. नवरात्र के आगमन के साथ ही रमना में धार्मिक उत्सव की रौनक बढ़ गयी है और चहुंओर भक्ति की बयार बह रही है.







