देवरिया: उत्तरप्रदेश के देवरिया जिले के भलुआनी क्षेत्र में एक ऐसी घटना सामने आई जिसने दोनों परिवारों के साथ पूरे इलाके को हैरत में डाल दिया। महीनों की तैयारियों, रिश्तेदारी की रौनक और पूरे हर्षोल्लास के साथ हुई शादी महज़ कुछ ही घंटों में टूट गई।
भलुआनी के निवासी विशाल मधेसिया, जो अपने पिता की जनरल स्टोर में हाथ बंटाते हैं, उनकी शादी 25 नवंबर को सलेमपुर की पूजा से हुई थी। शाम सात बजे बारात पहुंची और रात तक पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सभी रस्में निभा दी गईं। अगली सुबह दुल्हन की विधिवत विदाई भी कराई गई और वह ससुराल पहुंच गई।
सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन असली मोड़ ससुराल पहुंचने के कुछ ही समय बाद आया। पूजा को उसके कमरे तक छोड़ा गया, लेकिन करीब 20 मिनट बाद वह अचानक बाहर आई और पूरे आंगन में मौजूद रिश्तेदारों और मेहमानों के सामने साफ शब्दों में कह दिया कि वह अपने पति के साथ नहीं रहना चाहती।
परिवार हैरान, दुल्हन खामोश
यह सुनकर सभी दंग रह गए। पहले लोगों को लगा कि वह मज़ाक कर रही है, परंतु पूजा ने किसी भी तरह की वजह बताने से साफ इनकार कर दिया। पूरे परिवार ने बार-बार पूछा कि आखिर ऐसा क्या हुआ, लेकिन पूजा एक ही बात दोहराती रही, मेरे माता-पिता को बुलाइए… मैं यहां नहीं रहूंगी।
विशाल के परिवार ने उसे समझाने की बहुत कोशिश की। बाद में दुल्हन के माता-पिता भी पहुंचे, लेकिन वे भी उससे कोई जवाब नहीं निकलवा सके। दूल्हा-दुल्हन के रिश्तेदारों को समझ नहीं आ रहा था कि आखिर कौन-सी ऐसी बात है जिसे वह बताना भी नहीं चाहती।
पांच घंटे चली पंचायत, फिर बड़ा फैसला
जब किसी भी तरह से मामला सुलझता नहीं दिखा, तो गांव में पंचायत बुलाई गई। 26 नवंबर को करीब पांच घंटे तक दोनों पक्षों की मौजूदगी में चर्चा चली, उम्मीद थी कि शायद पूजा कुछ बताएगी, लेकिन वह अपनी चुप्पी पर अड़ी रही।
आखिरकार पंचायत ने दोनों परिवारों को आपसी सहमति से रिश्ता समाप्त करने की सलाह दी। एक लिखित समझौता तैयार किया गया, जिसमें तय किया गया कि शादी आपसी सहमति से समाप्त मानी जाएगी, दोनों पक्ष भविष्य में कहीं और विवाह करने के लिए स्वतंत्र रहेंगे, शादी में आए गिफ्ट, सामान और पैसे वापस किए जाएंगे। इसी समझौते के बाद शाम 6 बजे दुल्हन अपने मायके लौट गई।
पूरी घटना ने रिश्तेदारों और गांववालों को हैरानी में डाल दिया। शादी टूटने की वजह आज भी रहस्य बनी हुई है, क्योंकि पूजा ने शुरू से अंत तक एक शब्द भी नहीं बताया कि आखिर उसने ऐसा फैसला क्यों लिया।
शादी के 20 मिनट बाद दुल्हन ने तोड़ा रिश्ता, इसके बाद जो हुआ…














