सांगली: महाराष्ट्र के सांगली जिले की आटपाडी तहसील में बनपुरी गांव से मानवता को झकझोर देने वाली एक भयावह घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने अपनी ही दो मासूम बेटियों के साथ अमानवीय व्यवहार करते हुए उन्हें रातभर घर की छत से उल्टा लटका दिया। इस क्रूर हरकत के चलते 10 वर्षीय एक बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसकी 11 वर्षीय बहन अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी पिता दादू उर्फ नाना यमगर को संदेह था कि उसकी बेटियों ऋतुजा और अनुजा ने अतपड़ी के बनपुरी स्थित एक रिश्तेदार के घर से पैसे चुरा लिए हैं। इसी शक के आधार पर उसने दोनों बच्चियों के हाथ-पैर बांध दिए और उन्हें घर की छत के नीचे लगे लोहे के एंगल से उल्टा लटका दिया।
बताया जा रहा है कि बच्चियां पूरी रात इसी हालत में तड़पती रहीं। इस दौरान उन्होंने पानी के लिए गुहार भी लगाई, लेकिन पिता का दिल नहीं पसीजा।
घटना के दौरान परिवार के अन्य सदस्यों ने बच्चियों को बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उन्हें हंसिया से हमला करने की धमकी दी। डर के कारण कोई भी उन्हें छुड़ा नहीं सका।
सुबह जब बच्चियों को नीचे उतारा गया तो दोनों बेहोश थीं। आनन-फानन में उन्हें सरकारी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों को पिता की बातों पर शक हुआ, क्योंकि वह बच्ची की बीमारी की बात कर रहा था। जांच के दौरान पता चला कि 10 वर्षीय ऋतुजा की हालत बेहद गंभीर थी और पंढरपुर के अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। वहीं, दूसरी बच्ची अनुजा का इलाज जारी है।
अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पिता से पूछताछ की। बार-बार बयान बदलने पर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी मानसिक रूप से अस्थिर हो सकता है, हालांकि इसकी पुष्टि के लिए चिकित्सीय जांच कराई जा रही है।














