
जमशेदपुर। बिरसानगर स्थित बाबा बड़भाग सिंह सेवा दल की ओर से श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का पहला प्रकाश दिहाड़ा श्रद्धा और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया।

इस अवसर पर गुरुद्वारा साहिब में आयोजित धार्मिक समागम में बड़ी संख्या में संगत ने हिस्सा लिया और गुरबाणी कीर्तन का श्रवण कर आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया।
कार्यक्रम की शुरुआत 10 सितंबर से गुरुद्वारा साहिब में चल रहे श्री अखंड पाठ साहिब से हुई थी। शनिवार को अखंड पाठ साहिब का भोग पूर्ण धार्मिक मर्यादा और अरदास के साथ संपन्न हुआ। इसके बाद शाम के समय विशेष कीर्तन दरबार का आयोजन किया गया।
कीर्तन दरबार में टिनप्लेट गुरुद्वारा साहिब के हजूरी रागी जत्था भाई निर्मल सिंह जी और बिष्टुपुर गुरुद्वारा साहिब के कीर्तनिये भाई मनमोहन सिंह जी ने गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुत किया। दोनों ने अपनी मधुर आवाज और रसमयी शैली में गुरबाणी का गायन कर संगत को भाव-विभोर कर दिया। कीर्तन के दौरान गुरुद्वारा परिसर का माहौल पूरी तरह भक्तिमय नजर आया।
धार्मिक समागम के दौरान समाज में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रबुद्धजनों को सरोपा भेंट कर सम्मानित भी किया गया। मौके पर बाबा बड़भाग सिंह सेवा दल के प्रमुख बाबा अवतार सिंह जी ने प्रकाश पर्व के धार्मिक और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए संगत को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं के बीच अटूट गुरु का लंगर वितरित किया गया। संगत ने श्रद्धापूर्वक लंगर ग्रहण किया।
आयोजन को सफल बनाने में बाबा बड़भाग सिंह सेवा दल के प्रमुख सदस्यों हरदीप सिंह, पूरन सिंह, जोगिंदर सिंह, नवजोत सिंह, गुरमिंदर सिंह भाटिया, मनीष भाटिया और चरणजीत सिंह भाटिया सहित गुरुद्वारा कमेटी के सदस्यों एवं सेवादारों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी ने मिलकर धार्मिक आयोजन की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित किया।





