---Advertisement---

524 गैस सिलेंडरों की चोरी का खुलासा, मुठभेड़ के बाद 7 आरोपी गिरफ्तार

On: March 12, 2026 8:51 AM
---Advertisement---

झांसी: उत्तर प्रदेश के झांसी में गैस सिलेंडर चोरी और ब्लैक मार्केटिंग का बड़ा मामला सामने आया है। दो पूर्व ट्रक ड्राइवरों ने 524 एलपीजी सिलेंडरों से लदा ट्रक चोरी कर लिया और बाद में सभी सिलेंडर एक गैस एजेंसी संचालक को करीब 13 लाख रुपए में बेच दिए। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने गैस एजेंसी के मालिक, मुनीम और दो ट्रक ड्राइवरों समेत कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 11 लाख 93 हजार 820 रुपए नकद, 524 गैस सिलेंडर (389 भरे और 135 खाली), एक बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। यह ट्रक भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन के प्लांट से अटैच बताया जा रहा है।

प्लांट से लोड हुए थे 524 सिलेंडर

जानकारी के अनुसार, सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के न्यू राजगंज निवासी नीरज अग्रवाल का एक ट्रक करारी स्थित भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन के प्लांट से अटैच है। 2 मार्च को इस ट्रक में 524 गैस सिलेंडर लोड किए गए थे, जिन्हें कानपुर देहात के गजनेर भेजा जाना था।

हालांकि होली के कारण ट्रक चालक वाहन को प्लांट के बाहर खड़ा करके घर चला गया। इसी दौरान 5 मार्च की रात बदमाश ट्रक चोरी कर ले गए। अगले दिन ट्रक पारीछा के पास खड़ा मिला, लेकिन उसमें लदे सभी सिलेंडर गायब थे। ट्रक मालिक नीरज अग्रवाल ने सिलेंडरों की कीमत करीब 18 लाख रुपए बताई थी।

पुलिस ने तीन टीम बनाकर शुरू की जांच

ट्रक मालिक की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपियों को पकड़ने के लिए तीन टीमें गठित की गईं। एक टीम ने स्थानीय लोगों से पूछताछ की, जबकि दूसरी टीम ने आसपास लगे 264 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान पुलिस को कुछ संदिग्धों के बारे में सुराग मिला, जिसके बाद उनकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही थी।

घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने की फायरिंग

बुधवार को मुखबिर से सूचना मिलने पर सीपरी बाजार थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने बदमाशों की घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर चार आरोपियों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में प्रेमनगर के गडिया फाटक निवासी जावेद (26), समथर के मोहल्ला काली मर्दन निवासी आमिर (35), प्रेमनगर के महाराजपुरा इमामबाग के पास निवासी रितिक (24) और स्कूलपुरा निवासी सुमित अहिरवार (22) शामिल हैं।

गैस एजेंसी पर छापा, तीन और आरोपी गिरफ्तार

इन आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने समथर स्थित शिव गैस एजेंसी पर छापा मारा। यहां से एजेंसी संचालक शुभांकर परिहार (28), अभिषेक कुशवाहा (25) और सुरेंद्र (23) को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने एजेंसी से 389 भरे और 135 खाली गैस सिलेंडर बरामद किए। इनमें से 135 सिलेंडर ब्लैक में बेचे जा चुके थे, जिनकी बिक्री से मिले 83 हजार 820 रुपए भी बरामद किए गए। वहीं जावेद के घर से 11 लाख 10 हजार रुपए नकद बरामद हुए।

बकाया पैसे के विवाद से रची गई साजिश

एसएसपी के अनुसार, रितिक और जावेद पहले ट्रक मालिक नीरज अग्रवाल के यहां ड्राइवर के रूप में काम करते थे। बाद में दोनों को नौकरी से हटा दिया गया था। दोनों के करीब 70 हजार रुपए नीरज अग्रवाल पर बकाया थे, जिन्हें लेकर विवाद चल रहा था।

इसी विवाद के चलते दोनों ने गैस सिलेंडर चोरी कर ब्लैक में बेचने की योजना बनाई। उन्होंने अपने साथी सुमित अहिरवार को भी इसमें शामिल किया और गैस एजेंसी के मुनीम आमिर से संपर्क किया। बातचीत के बाद 13 लाख रुपए में सभी सिलेंडर खरीदने की डील तय हुई।

ऐसे अंजाम दी वारदात

योजना के तहत रितिक ट्रक चलाकर ले गया, जबकि जावेद और सुमित बाइक से आगे-आगे चल रहे थे। चिरगांव पहुंचने पर आमिर, अभिषेक और सुरेंद्र उनसे मिले और ट्रक को समथर स्थित गैस एजेंसी तक ले गए। वहां सभी सिलेंडर उतार दिए गए। इसके बाद खाली ट्रक को पारीछा में खड़ा कर आरोपी फरार हो गए थे।

फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now