
पानी खरीदने में हर घर से जा रहे हजारों रुपये, 1000 लीटर की कीमत 400 रुपये
जमशेदपुर:डिमना क्षेत्र में पिछले 16 दिनों से जारी पेयजल संकट को लेकर जन विकास मंच के अध्यक्ष एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सौरभ विष्णु ने मानगो नगर निगम की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि डिमना के कई इलाकों में सुबह करीब 4 बजे से रात 11 बजे तक घर-घर मोटर की गड़गड़ाहट सुनाई देती है। नियमित जलापूर्ति नहीं होने के कारण लोग मजबूरी में पानी खरीद रहे हैं। वर्तमान में करीब 1000 लीटर पानी के लिए 400 रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं। 11 हजार से अधिक घर प्रभावित होने की स्थिति में रोजाना लाखों रुपये पानी खरीदने में खर्च कर रहे हैं इसका सीधा आर्थिक बोझ आम परिवारों पर पड़ रहा है।
महंगाई और बेरोजगारी के बीच पानी का अतिरिक्त खर्च कितना जायज!
सौरभ विष्णु ने बताया कि आज महंगाई लगातार बढ़ रही है और रोजमर्रा की जरूरतों की कीमतें आसमान छू रही हैं। बेरोजगारी भी बड़ी चुनौती बनी हुई है। ऐसे समय में लोगों को पीने के पानी के लिए अतिरिक्त राशि खर्च करने पर मजबूर करना कहां का न्याय है? जिन परिवारों के पास सीमित आय है, उनके लिए हर दिन पानी खरीदना बड़ी आर्थिक परेशानी बन गया है। “जनता होल्डिंग टैक्स देती है, और जनता वोट भी देती है। ऐसे में जब बुनियादी सुविधा ही उपलब्ध नहीं हो रही, तो जनता के पैसे और उसकी समस्याओं की जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा?”
16 दिन बाद भी अधिकारी न पहुंचे, न आया कोई आधिकारिक बयान
विष्णु ने कहा कि पेयजल संकट को 16 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक मानगो नगर निगम की ओर से न तो कोई स्पष्ट आधिकारिक सूचना सामने आई है, न कोई जिम्मेदार अधिकारी बयान देने आया और न ही प्रभावित इलाकों में पहुंचकर लोगों की परेशानी का जायजा लिया गया। डिमना के लोग किस तरह पानी के लिए संघर्ष कर रहे हैं, यह जानना नगर निगम की जिम्मेदारी है। उन्होंने तत्काल नियमित जलापूर्ति बहाल करने और समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की। यदि जल्द समाधान नहीं हुई तो जन विकास मंच स्थानीय लोगों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगा और जनता के हक की आवाज मजबूती से उठाएगा।




