
पांच नंबर प्लेटफॉर्म पर रोकी गई ट्रेन, कर्मचारियों की तत्परता से आग फैलने से बची; दमकल ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा
चाकुलिया: खड़गपुर रेल मंडल के चाकुलिया रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब जमशेदपुर की ओर से खड़गपुर जा रही कोयला लदी मालगाड़ी के एक डिब्बे से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। धुआं देखते ही स्टेशन पर मौजूद रेलकर्मियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थिति को देखते हुए मालगाड़ी को तत्काल चाकुलिया स्टेशन के पांच नंबर प्लेटफॉर्म पर रोक दिया गया। रेल कर्मचारियों ने बिना देर किए आग प्रभावित डिब्बे पर पानी डालना शुरू कर दिया। समय रहते की गई इस कार्रवाई से आग को दूसरे हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया।
घटना की सूचना तत्काल बहरागोड़ा अग्निशमन केंद्र को दी गई। जानकारी मिलते ही दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और अग्निशमन कर्मियों ने मोर्चा संभालते हुए आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना के कारण स्टेशन परिसर में कुछ समय के लिए हलचल की स्थिति बनी रही। हालांकि, रेलकर्मियों की तत्परता और समय पर पहुंची दमकल टीम की कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।
दो महीने के भीतर दूसरी घटना
गौरतलब है कि चाकुलिया रेलवे स्टेशन पर कोयला लदी मालगाड़ी के डिब्बे में आग लगने की यह पहली घटना नहीं है। करीब दो महीने पहले भी इसी तरह कोयला से लदी मालगाड़ी के एक डिब्बे में आग लग गई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने मालगाड़ियों में आग लगने के कारणों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।





