
रांची: झारखंड में आज मौसम बेहद सक्रिय रहने वाला है। बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट पर बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से झारखंड में कई जगह भारी से भारी बारिश की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार, 31 अगस्त को राज्य के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग ने गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं हजारीबाग, बोकारो, कोडरमा, रांची, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, गिरिडीह और धनबाद के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
बारिश के दौरान कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात हो सकता है। कुछ इलाकों में तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर नहीं रहने और वज्रपात से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, निम्न दबाव के प्रभाव से बारिश का दौर 31 अगस्त के बाद भी जारी रहेगा। 1 सितंबर को गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, रांची, खूंटी, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इसके बाद 2 सितंबर को गुमला, सिमडेगा, खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इन जिलों के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, 3 सितंबर से राज्य में बारिश की गतिविधियों में कमी आने के संकेत हैं। हालांकि इस दौरान भी कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इसके बाद 4 सितंबर को रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं 5 सितंबर को भी कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश हो सकती है।
झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम पूरी तरह साफ होने की संभावना नहीं है। कई जिलों में रुक-रुककर बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने लोगों से स्थानीय मौसम संबंधी चेतावनियों पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।





