
जमशेदपुर। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार को चोरों ने दिनदहाड़े एक टाटा स्टील कर्मचारी के घर को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। क्रॉस रोड नंबर-20 स्थित क्वार्टर नंबर एल-4 में हुई इस वारदात में करीब 40 लाख रुपये के खानदानी आभूषण और 30 हजार रुपये नकद चोरी होने की बात सामने आई है।
बताया जाता है कि टाटा स्टील कर्मचारी सुब्रतो दास मंगलवार को लंच ब्रेक के दौरान अपने क्वार्टर पहुंचे। घर के पीछे का गेट खोलने पहुंचे तो वहां का ताला टूटा मिला। अनहोनी की आशंका में जब उन्होंने अंदर जाकर देखा तो घर का सामान बिखरा पड़ा था।
अलमारी की जांच करने पर उसमें रखे करीब 30 हजार रुपये नकद और परिवार के खानदानी जेवरात गायब मिले। चोरी गए आभूषणों की कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े अन्य बिंदुओं पर भी जांच शुरू कर दी है।
दिनदहाड़े हुई इस बड़ी चोरी से इलाके में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों का पता लगाकर कार्रवाई करने की मांग की है।






