
जमशेदपुर: बागबेड़ा कॉलोनी में एक सेवानिवृत्त आर्मी जवान के बंद मकान में चोरी की वारदात सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया। पानी टंकी के समीप रोड नंबर-1 स्थित ब्लॉक नंबर 14/2/2 में चोरों ने घर के पिछले हिस्से से प्रवेश कर अलमारी समेत कई सामानों को निशाना बनाया। चोरी की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, मकान मालिक श्रवण कुमार पिछले कई महीनों से अस्पताल में इलाजरत हैं। उनकी गैरमौजूदगी में मकान पूरी तरह बंद था। मंगलवार को श्रवण कुमार अपने पुत्र सत्यम के साथ अस्पताल से घर पहुंचे, तो मकान की दो मंजिला छत के पीछे लगी ग्रिल की कुंडी टूटी हुई मिली। घर के अंदर जाने पर सामान बिखरा पड़ा था।
बताया जा रहा है कि चोरों ने छत के पिछले दरवाजे से घर में प्रवेश किया और अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे गहने समेत अन्य कीमती सामान निकाल लिए। इसके अलावा इनवर्टर, महंगे कपड़े, बिजली के उपकरण, सीलिंग पंखे, पंप का मोटर और घर में मौजूद अन्य सामान भी चोर अपने साथ ले गए।
घटना की सूचना मिलते ही पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, झरना मिश्रा, प्रतिनिधि श्रवण मिश्रा और वार्ड सदस्य उमेश पांडे मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ मामले की जानकारी बागबेड़ा थाना प्रभारी मुकेश ठाकुर को दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा चोरी से जुड़े साक्ष्यों को जुटाने के साथ आसपास के इलाकों में भी जानकारी एकत्र की जा रही है। चोरी गए सामान और आभूषणों की वास्तविक कीमत का आकलन किया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।







