झारखंड वार्ता संवाददाता
मझिआंव (गढ़वा): शहर क्षेत्र के बीचोंबीच स्थित उत्क्रमित हाई स्कूल में एक बार फिर चोरी की घटना सामने आई है। इस संबंध में सहायक शिक्षक मुदस्सर खान ने रविवार को मझिआंव थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
दिए गए आवेदन में सहायक शिक्षक ने बताया कि शनिवार को किसी कार्यवश स्कूल का ताला खोला गया था, उस समय सभी ताले सुरक्षित और सही स्थिति में थे। रविवार को जब वे एक छात्र के साथ स्कूल पहुंचे, तो पाया कि आईसीटी लैब के दोनों ताले टूटे हुए हैं और गायब हैं। जांच करने पर यह भी सामने आया कि चोरों ने सीसीटीवी कैमरे का तार काट दिया है, ताकि उनकी पहचान न हो सके।
चोरी की इस घटना में आईसीटी लैब से एक प्रिंटर, एक यूपीएस और एक बैटरी गायब पाई गई। सहायक शिक्षक ने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले 4 अक्टूबर 2025 को भी स्कूल में चोरी हुई थी, जिसकी प्राथमिकी पहले ही दर्ज कराई जा चुकी है। उस मामले की प्रति भी वर्तमान आवेदन के साथ संलग्न की गई है।
शहर के बीचोंबीच स्थित एक शैक्षणिक संस्थान में बार-बार हो रही चोरी की घटनाओं और अब तक किसी भी मामले का उद्भेदन नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोग पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं और स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं।
इस मामले में थाना प्रभारी ओमप्रकाश रूपों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनसे संपर्क नहीं हो सका।
मझिआंव: उत्क्रमित हाई स्कूल में चोरी, प्रिंटर, यूपीएस और बैटरी ले उड़े चोर














