#जमशेदपुर। हेल्प क्रॉस सोसाइटी के संरक्षक एवं पूर्व खादी बोर्ड सदस्य कुलवंत सिंह बंटी, अध्यक्ष बी.के. शर्मा तथा सचिव बिनोद कसेरा ने आज उपायुक्त श्री राजीव रंजन से मुलाकात कर 27 एवं 28 अक्टूबर को जमशेदपुर के माइकल जॉन ऑडिटोरियम में आयोजित होने वाले निःशुल्क कृत्रिम हाथ वितरण शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
हेल्प क्रॉस सोसाइटी और पुणे की इनाली फाउंडेशन के संयुक्त प्रयास से आयोजित यह शिविर झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल एवं ओडिशा में अपनी तरह की पहली पहल है। शिविर में दिव्यांगजनों को निःशुल्क कृत्रिम हाथ लगाए जाएंगे, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर सम्मानपूर्वक जीवन जी सकें।
उन्होंने बताया कि इनाली फाउंडेशन की आधुनिक तकनीक से तैयार कृत्रिम हाथों की मदद से लाभार्थी पानी पीने, लिखने सहित दैनिक जीवन के कई जरूरी कार्य कर सकेंगे। विशेष बात यह है कि इन कृत्रिम हाथों की सहायता से मोटरसाइकिल चलाने जैसे कार्य करना भी संभव हो सकेगा।

दिव्यांगजनों के जीवन में आत्मविश्वास, स्वावलंबन और नई उम्मीद जगाना ही इस शिविर का मुख्य उद्देश्य है। हमारा प्रयास है कि शारीरिक चुनौतियों से जूझ रहे लोगों को सहायता देकर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ें और आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान करें।
उन्होंने आम लोगों एवं जरूरतमंद दिव्यांगजनों से इस पहल की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की, ताकि इस शिविर का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंच सके।#






