---Advertisement---

पत्नी से बदला लेने के लिए पति बना हैवान, 3 साल की बेटी को चीकू में जहर देकर उतारा मौत के घाट

On: March 25, 2026 11:53 PM
---Advertisement---

यादाद्री भुवनगिरि: तेलंगाना के यादाद्री भुवनगिरि (Yadadri-Bhuvanagiri) जिले से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां एक पिता ने अपनी ही तीन वर्षीय बेटी की जहर देकर हत्या कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह खौफनाक कदम पति-पत्नी के बीच चल रहे लंबे समय से घरेलू विवाद का परिणाम है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी रवि वरिकुप्पुला (30) की शादी तीन वर्ष पहले स्वाति से हुई थी। दंपति की दो बेटियां थीं- तीन साल की मेघना और नौ महीने की मयूरी। पारिवारिक कलह के चलते बड़ी बेटी मेघना अपने पिता के साथ रह रही थी, जबकि छोटी बेटी मां के पास थी।

बताया जा रहा है कि स्वाति अपनी बड़ी बेटी को अपने साथ रखना चाहती थी। इसी को लेकर उसने मडगुलपल्ली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले को सुलझाने के लिए परिवार के बुजुर्गों की मौजूदगी में बैठक तय की थी।

हालांकि, बैठक से पहले ही रवि ने खौफनाक कदम उठाया। उसने सपोटा (चीकू) फल में चूहे मारने की दवा मिलाकर मासूम मेघना को खिला दिया। फल खाने के कुछ ही देर बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ गई। उसे उल्टियां होने लगीं और वह बेहोश हो गई। घटना के बाद आरोपी ने भी वही जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। परिवार के सदस्यों ने तुरंत दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां बच्ची को निलोफर अस्पताल और रवि को नलगोंडा अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इलाज के दौरान सोमवार को मेघना ने दम तोड़ दिया, जबकि रवि की हालत अब भी गंभीर बताई जा रही है। रवि ने अपनी पत्नी और बड़ी बेटी से दूर होने की भावना और गुस्से के कारण इस जघन्य कृत्य को अंजाम दिया।

मंगलवार को लच्छमगुडेम में बच्ची का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस हृदयविदारक घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी का बयान दर्ज कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now