
गढ़वा: जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत बलीगढ़ गांव में मंगलवार की शाम बारिश के दौरान हुए वज्रपात ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, बलीगढ़ गांव निवासी आशिक खान (50) और राजू भुइयां (38) अपने साथी वशी खान (55) के साथ गांव से कुछ दूरी पर स्थित चेरी पोखर के पास बकरी चराने गए थे। इसी बीच मौसम अचानक बदला और हल्की बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने का प्रयास कर ही रहे थे कि तेज वज्रपात हुआ और तीनों उसकी चपेट में आ गए। आकाशीय बिजली गिरने से तीनों गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तीनों को तत्काल इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद आशिक खान और राजू भुइयां को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल वशी खान का इलाज सदर अस्पताल में जारी है और उनकी स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और ग्रामीण भी घटना से स्तब्ध हैं। लगातार हो रही बारिश के बीच वज्रपात की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, खेतों और जलाशयों के आसपास जाने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।





