गिरिडीह: जिले के पीरटांड प्रखंड अंतर्गत एक गांव में दो आदिवासी नाबालिग लड़कियों के साथ गंभीर आपराधिक घटना सामने आई है। मामला गैंगरेप का बताया जा रहा है। मामला रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात करीब 12 बजे के बाद का है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।
पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, इलाके में जतरा मेला आयोजित था। इसी मेले में गांव के कुछ परिचितों के साथ दोनों नाबालिग लड़कियां भी घूमने गई थीं। देर रात मेले के दौरान साथ आए लोग एक-दूसरे से बिछड़ गए। इसके बाद दोनों लड़कियां अपने ही गांव के एक परिचित युवक के साथ घर लौटने लगीं।
इसी दौरान रास्ते में छह से सात युवकों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि बदमाशों ने दोनों नाबालिगों के साथ मौजूद युवक की जमकर पिटाई की और उसे वहां से भगा दिया। इसके बाद आरोपियों ने दोनों लड़कियों को जबरन पास के खेत की ओर ले जाकर गैंगरेप किया और फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़िताओं ने परिजनों को आपबीती बताई, जिसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने पीड़िताओं का बयान दर्ज कर लिया है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। प्राथमिक जांच में मामला गंभीर अपराध का प्रतीत हो रहा है, जिसे लेकर पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।














