
झारखंड वार्ता संवाददाता
श्री बंशीधर नगर(गढ़वा)। बिरला ओपन माइंड्स इंटरनेशनल स्कूल, सिरियाटोंगर के परिसर में रक्षाबंधन के अवसर पर गुरुवार को ‘राखी विद खाकी’ थीम पर भावपूर्ण एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पुलिस प्रशासन के प्रति सम्मान, विश्वास और भाईचारे की भावना को मजबूत करना था।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में श्री बंशीधर नगर थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार एवं रमना थाना से जयप्रकाश गुप्ता उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों का पुष्पगुच्छ, तिलक एवं स्वागत गीत के साथ अभिनंदन किया गया। इसके बाद मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
विद्यालय के संगीत शिक्षक मुकेश कुमार ने सरस्वती वंदना के साथ रक्षाबंधन पर आधारित गीत प्रस्तुत किया। इसके बाद कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण आया, जब विद्यालय की छात्राओं ने पुलिस अधिकारियों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा। पुलिस अधिकारियों ने भी छात्राओं को उपहार देकर उनकी सुरक्षा और सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने कहा कि ‘राखी विद खाकी’ जैसे आयोजन पुलिस और आम लोगों के बीच विश्वास एवं आत्मीयता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पुलिस का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि समाज के साथ मजबूत संबंध स्थापित करना भी है।
विद्यालय के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने कहा कि रक्षाबंधन केवल रक्षा सूत्र बांधने का पर्व नहीं, बल्कि सुरक्षा, विश्वास और जिम्मेदारी का संदेश देने वाला त्योहार है। निदेशक मनीष सिंह ने कहा कि विद्यालय में विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा के साथ सामाजिक एवं नैतिक मूल्यों से जोड़ने का भी प्रयास किया जाता है। उपनिदेशक युवराज सिंह ने कहा कि बच्चों में पुलिस के प्रति सम्मान और अपनापन देखना सुखद अनुभव है।
प्राचार्य रविश प्रजापति ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय मूल्यों की सीख देते हैं। कार्यक्रम का संचालन उत्सव उमंग ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन राकेश मिश्रा ने किया।
मौके पर शिक्षिकाएं भावना ओझा, अनामिका प्रजापति, गार्गी जायसवाल, प्राची पाठक, कोमल कुमारी, नीतू सिंह, पायल सिंह, मुस्कान सिंह एवं परामर्शदाता रिचा सिंह तथा शिक्षक राज कुमार, मुकेश चंद्रा, मुकेश कुमार, आसिफ अली, अभिषेक पांडेय, विकास कुमार सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित थे।







