---Advertisement---

VIDEO: मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला पर कुत्ते ने किया जानलेवा हमला, 50 से ज्यादा टांके आए

On: January 30, 2026 11:19 PM
---Advertisement---

बेंगलुरु: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 26 जनवरी की सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली एक महिला पर पालतू कुत्ते ने बेरहमी से हमला कर दिया। इस खौफनाक हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसके सिर, चेहरे और गर्दन पर 50 से अधिक टांके लगाने पड़े हैं। घटना का डरावना सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसे देखकर लोग सिहर उठे हैं।


घटना 26 जनवरी सुबह करीब 6:54 बजे बेंगलुरु के एचएसआर लेआउट स्थित टीचर्स कॉलोनी इलाके की है। पीड़िता रोज की तरह अपने घर के सामने टहल रही थीं और जैसे ही वह घर में प्रवेश करने वाली थीं, तभी सामने वाले घर में रहने वाले अमरेश रेड्डी के पालतू कुत्ते ने अचानक उन पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि कुत्ता बिना किसी उकसावे के बेकाबू हो गया और महिला पर झपट पड़ा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुत्ते ने महिला के गले, चेहरे, हाथों और पैरों पर लगातार काटना शुरू कर दिया। महिला जमीन पर गिर पड़ी और मदद के लिए चिल्लाती रही। इस दौरान एक राहगीर ने महिला को बचाने की कोशिश की, लेकिन कुत्ते ने उसे भी काट लिया। आसपास के लोगों के पहुंचने के बाद किसी तरह दोनों को कुत्ते से छुड़ाया गया।


हमले में गंभीर रूप से घायल महिला को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि उसके चेहरे और गर्दन पर 50 से ज्यादा टांके लगाए गए हैं। हाथ और पैरों पर भी गहरे जख्म हैं। फिलहाल महिला का इलाज जारी है और डॉक्टरों की टीम उसकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए है। घायल राहगीर को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


घटना के बाद पीड़िता के पति ने एचएसआर लेआउट पुलिस थाने में कुत्ते के मालिक के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। कुत्ते के मालिक के खिलाफ किस धाराओं में कार्रवाई होगी, इसे लेकर जांच के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी।


इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पालतू जानवरों को लेकर मालिकों की लापरवाही आम होती जा रही है, जिससे आम लोगों की जान खतरे में पड़ रही है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now