प्रतापगढ़: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में रविवार दोपहर एक भीषण हादसा हो गया। समाजवादी पार्टी के नेता लाल बहादुर यादव (47) की कार पर हाईमास्ट लाइट का पोल गिर गया। मौके पर ही सपा नेता की मौत हो गई। हादसा अंतू थाना क्षेत्र के बाबूगंज बाजार में उस समय हुआ, जब वे अपनी कार से शहर की ओर जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि बाबूगंज स्थित भारत पेट्रोलियम पेट्रोल पंप के सामने हाईमास्ट लाइट लगाने का काम चल रहा था। मजदूर क्रेन की मदद से करीब 1000 किलो वजनी पोल को खड़ा कर रहे थे। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से पोल सड़क से गुजर रही लाल बहादुर यादव की क्रेटा कार पर जा गिरा।
पोल कार के ड्राइवर साइड आगे की ओर गिरा, जिससे गाड़ी का पिछला हिस्सा लगभग दो फीट ऊपर उठ गया। हादसा इतना भयावह था कि कार बुरी तरह दब गई और सपा नेता को संभलने तक का मौका नहीं मिला। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सब कुछ कुछ ही सेकंड में हो गया और आसपास अफरातफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे में इस्तेमाल की गई क्रेन को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना ट्रैफिक रोके और सुरक्षा घेरा बनाए हाईमास्ट पोल खड़ा किया जा रहा था, जिससे बड़ा हादसा हो गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और निर्माण कार्य में लगे जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की बात कही है।














