अमरावती: आंध्र प्रदेश के एनटीआर जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने शिक्षा व्यवस्था और स्कूलों में अनुशासन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो में 10वीं कक्षा का एक छात्र अपने ही शिक्षक पर हमला करता हुआ दिखाई दे रहा है। यह घटना जिले के वीरवल्ली गांव स्थित एक सरकारी स्कूल की बताई जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मामला बापुलापाडु मंडल के ज़िला परिषद हाई स्कूल का है। बताया जा रहा है कि कक्षा के दौरान शिक्षक और एक छात्र के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने गंभीर रूप ले लिया और छात्र ने अपना आपा खोते हुए शिक्षक पर हमला कर दिया।
वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि छात्र अचानक आगे बढ़कर बुज़ुर्ग शिक्षक के सीने पर मुक्का मार देता है। इस घटना से कक्षा में मौजूद अन्य छात्र और स्कूल स्टाफ भी हैरान रह जाते हैं। इसके बाद कुछ छात्र और शिक्षक बीच-बचाव करने की कोशिश करते नजर आते हैं।
बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत उस वक्त हुई जब शिक्षक ने छात्र को किसी बात पर डांटते हुए कथित तौर पर कठोर भाषा का इस्तेमाल किया। इसी बात से नाराज़ होकर छात्र ने गुस्से में आकर यह कदम उठा लिया।
इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर बहस छिड़ गई है। कई लोग इसे आज की पीढ़ी में शिक्षकों के प्रति घटते सम्मान का उदाहरण बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग स्कूलों में अनुशासन और संवाद की कमी को भी इसकी वजह मान रहे हैं।
हालांकि, इस घटना को लेकर स्कूल प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों की ओर से क्या कार्रवाई की गई है, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। वहीं वीडियो वायरल होने के बाद पूरे इलाके में इस घटना को लेकर चर्चा तेज हो गई है।








