---Advertisement---

VIDEO: तरनतारन के लॉ कॉलेज में क्लासरूम के अंदर छात्रा का मर्डर, आरोपी ने खुद को भी किया शूट

On: February 9, 2026 4:29 PM
---Advertisement---

तरनतारन: पंजाब के तरनतारन जिले से एक दिल दहला देने वाली और खौफनाक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। तरनतारन के उस्मा गांव स्थित एक लॉ कॉलेज में दिनदहाड़े एक सिरफिरे युवक ने कॉलेज की ही एक छात्रा को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक ने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

घटना इतनी भयावह थी कि कॉलेज परिसर में मौजूद छात्र-छात्राएं और स्टाफ कुछ समझ पाते, उससे पहले ही अफरा-तफरी मच गई। फायरिंग की आवाज सुनते ही कॉलेज में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे कॉलेज परिसर को सील कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि मृतक छात्रा की पहचान संदीप कौर के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नौशेरा पन्नुआं गांव की रहने वाली थी। वहीं आरोपी युवक प्रिंस राज सिंह था, जो गांव मल्लियां का निवासी बताया जा रहा है। दोनों ही उसी लॉ कॉलेज में पढ़ाई कर रहे थे।

पुलिस के अनुसार इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसके आधार पर जांच की जा रही है। घटनास्थल से पिस्टल सहित अन्य अहम सबूत बरामद किए गए हैं। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं।

मृतका की मां ने रोते हुए बताया कि उनकी बेटी सुबह बिल्कुल सामान्य तरीके से तैयार होकर कॉलेज गई थी। घर से निकलते वक्त किसी तरह के तनाव या झगड़े की कोई बात सामने नहीं आई थी। कुछ समय बाद कॉलेज की एक मैडम का फोन आया, जिन्होंने बताया कि उनकी बेटी को गंभीर चोट लगी है और तुरंत कॉलेज पहुंचने को कहा। जब वह कॉलेज पहुंचीं तो उनकी बेटी का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा था। परिजनों के मुताबिक संदीप कौर के सिर में गोली मारी गई थी।

परिवार ने बताया कि संदीप कौर के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में वह छह बहनों और एक छोटे भाई के साथ रहती थी और पढ़ाई को लेकर बेहद गंभीर थी।

मृतका की बहन ने आरोप लगाया कि आरोपी युवक ने संदीप कौर को पहले प्रपोज किया था, जिसे उसने साफ तौर पर ठुकरा दिया था। छात्रा ने युवक से कहा था कि वह इस समय केवल अपनी पढ़ाई पर ध्यान देना चाहती है। इसी बात से नाराज होकर युवक ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।

फिलहाल पुलिस दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज चुकी है। पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे की असली वजह की जांच की जा रही है। दोनों परिवारों, कॉलेज प्रशासन और छात्रों से पूछताछ जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी के पास हथियार कहां से आया

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now