वलसाड: गुजरात के वलसाड से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। एक प्राइवेट हाउसिंग सोसाइटी में लिफ्ट से जुड़ा ऐसा हादसा हुआ, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो इस घटना को और भी भयावह बना रहा है।
एक युवक लिफ्ट से नीचे जाने के लिए अंदर दाखिल होता है। वह सामान्य तरीके से लिफ्ट का दरवाजा बंद करता है और नीचे जाने का बटन दबाता है। कुछ ही क्षण बाद जब लिफ्ट का दरवाजा खुलता है तो युवक बिना देखे एक कदम आगे बढ़ा देता है।
लेकिन उस समय लिफ्ट का केबिन उस मंजिल पर मौजूद नहीं था। दरवाजा खुलते ही सामने खाली डक्ट था। जैसे ही युवक आगे बढ़ा, वह सीधे लिफ्ट शाफ्ट (डक्ट) में गिर गया। युवक के गिरने के तुरंत बाद लिफ्ट का केबिन नीचे की ओर आया और वह उसके ऊपर आ गिरा।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बिल्डिंग के निवासी वत्सलभाई पंचाल लिफ्ट के अंदर हादसे का शिकार होते दिख रहे हैं। जानकारी के अनुसार, उन्हें आंतरिक चोटें आईं, लेकिन चमत्कारिक रूप से उनकी जान बच गई। इस घटना के बाद सोसायटी की मेंटेनेंस और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि वत्सलभाई पंचाल सुरक्षित हैं।
इस घटना के बाद सोसाइटी की लिफ्ट मेंटेनेंस और सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। आमतौर पर किसी भी लिफ्ट का दरवाजा तब तक नहीं खुलता जब तक केबिन उस फ्लोर पर मौजूद न हो। ऐसे में यह आशंका जताई जा रही है कि तकनीकी खराबी या मेंटेनेंस में लापरवाही इस हादसे की वजह हो सकती है।














