हजारीबाग: जिले के केरेडारी प्रखंड अंतर्गत बेलतू गांव में शनिवार को सरस्वती पूजा विसर्जन जुलूस के दौरान दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प हो गई। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए हैं। स्थिति बिगड़ते देख प्रशासन ने पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विसर्जन जुलूस जब गांव के एक विशेष हिस्से से गुजर रहा था, उसी दौरान विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से जमकर पत्थरबाजी होने लगी। पत्थरबाजी में कई लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गए। एहतियातन इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और संवेदनशील स्थानों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, विसर्जन जुलूस के दौरान कथित रूप से भड़काऊ गाने बजाए जाने को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ था, हालांकि झड़प की वास्तविक वजह की जांच की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि मामले की हर पहलू से जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन तनाव को देखते हुए पुलिस बल को अलर्ट मोड में रखा गया है। बड़कागांव एसडीपीओ पवन कुमार के साथ चार थाना प्रभारी घटनास्थल पर मौजूद हैं और स्थिति को सामान्य बनाए रखने का प्रयास कर रहे हैं। प्रशासन ने दोनों समुदायों से शांति बनाए रखने की अपील की है और अफवाहों पर ध्यान न देने का अनुरोध किया है।














