---Advertisement---

लोहरदगा: सरस्वती पूजा विसर्जन के दौरान दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प, कई लोग घायल; इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

On: January 25, 2026 12:10 PM
---Advertisement---

लोहरदगा: जिले में सरस्वती पूजा विसर्जन के दौरान दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प की घटना सामने आई है। मामला कुडू थाना क्षेत्र के उडुमुडू गांव का है, जहां पूजा विसर्जन के बाद माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चले और जमकर पत्थरबाजी हुई, जिसमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।


जानकारी के अनुसार, उडुमुडू गांव में सरस्वती पूजा का आयोजन किया गया था। शनिवार देर शाम पूजा समिति द्वारा मूर्ति विसर्जन का जुलूस निकाला गया। जुलूस के दौरान साउंड सिस्टम से लैस एक वाहन का हिस्सा रास्ते में पड़ने वाले एक खास समुदाय के व्यक्ति के घर से छू गया। इसी बात को लेकर मौके पर विवाद उत्पन्न हो गया। हालांकि उस समय स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से स्थिति को संभाल लिया गया था।


लेकिन यह विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि रविवार को गांव के कुछ लोगों ने एक समुदाय विशेष के लोगों के साथ मारपीट कर दी, जिससे तनाव और अधिक बढ़ गया। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों से हमला शुरू हो गया। हालात बिगड़ते देख पत्थरबाजी भी शुरू हो गई। इस हिंसा में कई लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए कुडू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।


घटना की सूचना मिलते ही लोहरदगा के पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। एसपी ने बताया कि एहतियातन गांव में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस लगातार कैंप कर रही है।


एसपी सादिक अनवर रिजवी ने कहा कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।
फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और सुरक्षा के मद्देनज़र पुलिस बल तैनात है।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now