
मछली मारने व नहाने के लिए नदी में न उतरें, बच्चों पर रखें विशेष नजर : उपेंद्र कुमार
श्री बंशीधर नगर (गढ़वा)। श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए पुलिस ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। बारिश के कारण क्षेत्र की नदियों, तालाबों एवं अन्य जलस्रोतों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। इसे देखते हुए थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने क्षेत्रवासियों से नदी-तालाब के आसपास अनावश्यक रूप से नहीं जाने तथा सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की है।
थाना प्रभारी ने कहा कि लगातार बारिश के कारण नदी और तालाबों में पानी का बहाव एवं जलस्तर सामान्य दिनों की तुलना में काफी बढ़ गया है। ऐसे में लोग मछली मारने या नहाने के लिए नदी में न उतरें। उन्होंने ग्रामीणों से अपने पशुओं को भी नदी में नहीं ले जाने की अपील की, क्योंकि तेज बहाव के कारण किसी भी समय दुर्घटना हो सकती है।
बच्चों पर विशेष नजर रखने की अपील
उपेंद्र कुमार ने अभिभावकों से अपने बच्चों की गतिविधियों पर विशेष ध्यान रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान बच्चे अक्सर नदी, तालाब और जलजमाव वाले क्षेत्रों के आसपास चले जाते हैं। बढ़े हुए जलस्तर और तेज बहाव को देखते हुए ऐसी जगहों पर जाना खतरनाक हो सकता है।
उन्होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। इसलिए अभिभावक बच्चों को जलस्रोतों के पास जाने से रोकें और उन्हें बारिश के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में समझाएं। उपेंद्र कुमार ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान किसी भी आपात स्थिति की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित प्रशासन या पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक सहायता उपलब्ध करायी जा सके।







