हेलमेट और सीट बेल्ट लगाएं, वाहन भी धीरे चलाएं- डॉ. बिमल कुमार, 150 जवानों का काफिला लेकर 25 किमी तक बुलेट पर निकले एसपी
झारखंड वार्ता
सरायकेला-खरसावां:- झारखंड में पहली बार एक आईपीएस अधिकारी ने लोगों को जागरूक करने के लिए 25 किलोमीटर तक 150 पुलिसकर्मियों संग बाईक चलाई है। ऐसी अनूठी पहल झारखंड के सरायकेला-खरसावां में आज सुबह 11.00 बजे जिला के एसपी द्वारा ही हुई है।

जिले के एसपी डॉ बिमल कुमार ने सरायकेला जिला मुख्यालय से यातायात जागरूकता अभियान की शुरुआत बड़े ही अनोखे ढंग से की। एसपी खुद बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने कार्यालय से कांड्रा टोल तक 25 किलोमीटर की लंबी यात्रा पर निकल गये। इस जागरूकता अभियान में जिला पुलिस के 150 जवान लगभग 50 मोटरसाइकिल और 10 स्कूटी पर हेलमेट लगाए सवार होकर एक रैली की तरह जिला मुख्यालय से कांड्रा टोल बूथ तक उनके साथ-साथ बढ़ रहे थे। स्कूटी और मोटरसाइकिलों पर पीछे बैठे पुलिस के महिला और पुरुष जवान अपने हाथों पर यातायात जागरूकता अभियान का संदेश लिखी तख्तियां भी पकड़े नजर आए। जिले के लोग इस अनूठे अंदाज में एसपी द्वारा खुद मोटरसाइकिल चलाकर निकाली गई जागरूकता रैली की काफी सराहना कर रहे हैं।
