Jharkhand Weather: 26 जनवरी को मौसम लेगा करवट, तापमान में उतार-चढ़ाव और घने कोहरे की चेतावनी
Jharkhand Weather: झारखंड के मौसम में एक बार फिर बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार 26 जनवरी को उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका असर झारखंड के मौसम पर भी देखने को मिलेगा। इसके प्रभाव से राज्य में तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा, जबकि सुबह के समय ठंड और घने कोहरे का असर अधिक महसूस किया जाएगा।
बीते बुधवार को राज्य का सबसे ठंडा जिला गुमला रिकॉर्ड किया गया, जहां न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी रांची में रात का पारा 12.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि जमशेदपुर में न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री सेल्सियस मापा गया। दूसरी ओर, राज्य में सबसे अधिक तापमान चाईबासा में दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार झारखंड में अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा। इस दौरान दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। राज्य के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 27 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
हालांकि, रात के समय ठंड से राहत मिलने की संभावना कम है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने बताया है कि पलामू, गढ़वा, लातेहार और गुमला जैसे जिलों में न्यूनतम तापमान सबसे कम रह सकता है। इन इलाकों में रात का पारा 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की आशंका जताई गई है।
