झारखंड के दुमका जिले में अवैध संबंध के शक में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी समेत एक युवक पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि आरोपी फरार है। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है.
झारखंड के दुमका जिले में अवैध संबंध के शक में एक युवक की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई. घटना मसलिया थाना क्षेत्र के जामजोरी गांव में शुक्रवार की देर रात घटी. पुलिस के मुताबिक, बाहर से मजदूरी कर लौटे पति ने अपनी पत्नी को एक युवक के साथ संदिग्ध स्थिति में देख लिया. इसके बाद गुस्से में आकर उसने युवक पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
मृतक की पहचान मसलिया थाना क्षेत्र के बड़ा चापुड़िया निवासी जॉन देवराज दत्ता के रूप में की गयी है. आरोपी की पहचान सुभाष मुर्मू के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जामताड़ा जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के अगैया खेदडंगाल गांव का रहने वाला है. उसकी शादी कुछ साल पहले जामजोरी गांव में हुई थी और वह अक्सर परिवार का भरण-पोषण करने के लिए जिले से बाहर मजदूरी करता था।
प्रारंभिक पुलिस जांच के अनुसार, सुभाष की अनुपस्थिति के दौरान, उनकी पत्नी और जॉन देवराज दत्ता के बीच कथित तौर पर संबंध बन गए थे। बताया जा रहा है कि दोनों काफी समय से एक दूसरे के संपर्क में थे. इस रिश्ते की जानकारी सुभाष को भी हो गई थी और वह काफी समय से दोनों को रंगे हाथ पकड़ने की कोशिश कर रहा था.
शुक्रवार की रात उसकी पत्नी अपने मायके के पास एक रिश्तेदार के घर पर थी। वहां जॉन देवराज दत्ता भी मौजूद थे. आरोप है कि देर रात सुभाष वहां पहुंचा और दोनों को संदिग्ध हालत में देख लिया। इसके बाद उनका गुस्सा फूट पड़ा. उसने घर के अंदर खाट पर सो रहे जॉन देवराज पर कुल्हाड़ी से कई वार किए। हमला इतना जोरदार था कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ा.
शोर सुनकर आरोपी की पत्नी बीच-बचाव करने आई, लेकिन सुभाष ने उसकी भी पिटाई कर दी. घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल जॉन देवराज को इलाज के लिए पहले स्थानीय स्तर पर ले जाया गया. बाद में उसे बेहतर इलाज के लिए फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, दुमका रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी.
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना और मसलिया थाना पुलिस सक्रिय हो गयी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया. मृतक के पिता के बयान पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है. फरार आरोपियों की तलाश में संभावित स्थानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है.
इस बीच जांच में यह भी पता चला है कि मृतक जॉन देवराज दत्ता का आपराधिक इतिहास रहा है. मसलिया थाना प्रभारी राजेश रंजन ने बताया कि उसके खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट और पॉक्सो एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं और वह दो बार जेल भी जा चुका है. हालांकि पुलिस का कहना है कि इस हत्याकांड की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. शुरुआती जांच में घटना का कारण कथित अवैध संबंध को लेकर हुआ विवाद माना जा रहा है, लेकिन अंतिम निष्कर्ष साक्ष्य और जांच पूरी होने के बाद ही निकलेगा. फिलहाल पुलिस आरोपी सुभाष मुर्मू की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.




