{"remix_data":[],"remix_entry_point":"challenges","source_tags":[],"origin":"unknown","total_draw_time":0,"total_draw_actions":0,"layers_used":0,"brushes_used":0,"photos_added":0,"total_editor_actions":{},"tools_used":{"transform":1},"is_sticker":false,"edited_since_last_sticker_save":true,"containsFTESticker":false}
समस्तीपुर: बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करी का गोरखधंधा थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब समस्तीपुर जंक्शन से शराब तस्करी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। नई दिल्ली से जयनगर जा रही स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के AC फर्स्ट क्लास कोच में एक युवती और एक युवक 75 लीटर विदेशी शराब लेकर सफर कर रहे थे। गुप्त सूचना के आधार पर समस्तीपुर जंक्शन पर RPF, रेल पुलिस और CIB की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
गुप्त सूचना पर AC फर्स्ट क्लास कोच में पहुंची टीम
मामला स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के H-1 कोच का है। सुरक्षा एजेंसियों को सूचना मिली थी कि ट्रेन में एक युवती और युवक भारी मात्रा में शराब लेकर सफर कर रहे हैं। सूचना के बाद टीम पहले से ही समस्तीपुर जंक्शन पर सक्रिय हो गई।
ट्रेन संख्या 12562 के समस्तीपुर जंक्शन पहुंचते ही प्लेटफॉर्म नंबर एक पर संयुक्त टीम ने H-1 कोच में तलाशी अभियान शुरू किया। जांच के दौरान बर्थ नंबर 7 के आसपास रखे लग्जरी सूटकेसों की तलाशी ली गई। सूटकेस खोलते ही पुलिसकर्मियों को उसमें छिपाकर रखी गई विदेशी शराब की बोतलें मिलीं।
बैग से बरामद हुई 75 लीटर विदेशी शराब
तलाशी के दौरान कुल 75 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। भारी मात्रा में शराब मिलने के बाद कोच में हड़कंप मच गया। टीम ने मौके से युवती समेत दो लोगों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवती की पहचान नेहा कुमारी (25) के रूप में हुई है। वह समस्तीपुर जिले के सिंघिया थाना क्षेत्र के बारी, वार्ड नंबर 12 की रहने वाली बताई गई है। वहीं उसके साथ गिरफ्तार युवक की पहचान इशान कुमार (31) के रूप में हुई है, जो करनाल, हरियाणा का निवासी बताया गया है।
RPF ने रेल थाना पुलिस को सौंपा
कार्रवाई के बाद RPF ने दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए राजकीय रेल थाना पुलिस को सौंप दिया। रेल थाना पुलिस ने दोनों की मेडिकल जांच कराई। इसके बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
शराब कहां से आई, किसे करनी थी डिलीवरी?
अब पुलिस इस पूरे मामले की तह तक जाने में जुटी है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि AC फर्स्ट क्लास कोच में सफर कर रही युवती और युवक के पास इतनी बड़ी मात्रा में शराब पहुंची कैसे?
जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि शराब कहां से खरीदी गई थी, इसे बिहार में किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था और इस तस्करी के पीछे किसी बड़े नेटवर्क की भूमिका है या नहीं। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
शराबबंदी वाले बिहार में ट्रेन के AC फर्स्ट क्लास कोच से इतनी बड़ी मात्रा में विदेशी शराब की बरामदगी ने सुरक्षा व्यवस्था और शराब तस्करी के नेटवर्क पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और भी खुलासे होने की उम्मीद है।







