धनबाद

बलियापुर में महिला ने जहर खाकर की आत्महत्या, इलाज के दौरान एसएनएमएमसीएच में मौत

ख़बर को शेयर करें

धनबाद । बलियापुर थाना क्षेत्र के दुधिया गांव में गुरुवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई। गांव निवासी रंजीत रजवार की पत्नी रानी देवी (36 वर्ष) ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार की सुबह रानी देवी ने किसी कारणवश जहर खा लिया। जब उनकी तबीयत बिगड़ने लगी तो पति रंजीत रजवार ने तत्काल उन्हें एसएनएमएमसीएच धनबाद में भर्ती कराया। हालांकि, डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद गुरुवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

शव के पोस्टमार्टम के बाद जब उसे गांव लाया गया, तो पूरा माहौल गमगीन हो गया। परिवार के सदस्यों की आंखों में आंसू थे। मृतका के पीछे पति और दो छोटे पुत्र हैं, जिन पर अब दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

घटना की जानकारी मिलने पर मुखिया उत्तम चौबे, पूर्व मुखिया रफीक अंसारी, सामाजिक कार्यकर्ता अख्तर अंसारी सहित कई स्थानीय लोग पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की।

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, और आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

Avatar photo

Satyam Jaiswal

सत्यम जायसवाल एक भारतीय पत्रकार हैं, जो झारखंड राज्य के रांची शहर में स्थित "झारखंड वार्ता" नामक मीडिया कंपनी के मालिक हैं। उनके पास प्रबंधन, सार्वजनिक बोलचाल, और कंटेंट क्रिएशन में लगभक एक दशक का अनुभव है। उन्होंने एपीजे इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से शिक्षा प्राप्त की है और विभिन्न कंपनियों के लिए वीडियो प्रोड्यूसर, एडिटर, और डायरेक्टर के रूप में कार्य किया है। जिसके बाद उन्होंने झारखंड वार्ता की शुरुआत की थी। "झारखंड वार्ता" झारखंड राज्य से संबंधित समाचार और जानकारी प्रदान करती है, जो राज्य के नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण है।