---Advertisement---

पलामू में डीजे की तेज आवाज से महिला की तबीयत बिगड़ी, होटल के शीशे टूटे; 2 डीजे जब्त

On: March 28, 2026 8:22 PM
---Advertisement---

पलामू: पलामू के मेदिनीनगर में शनिवार देर रात रामनवमी के अवसर पर आयोजित जुलूस के दौरान डीजे के साउंड कॉम्पिटिशन के दौरान एक महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई। वहीं पास के एक होटल के कांच के शीशे तक टूट गए। घटना के बाद पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए दो डीजे जब्त कर लिए हैं।

जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात बेलवाटिकर क्षेत्र में दो डीजे के बीच साउंड कॉम्पिटिशन चल रहा था। इनमें से एक डीजे भोपाल से आया था, जबकि दूसरा मऊ का था। दोनों के बीच तेज आवाज में प्रतिस्पर्धा हो रही थी, जिससे पूरे इलाके में ध्वनि का स्तर काफी बढ़ गया और स्थानीय लोग परेशान हो उठे।

इसी दौरान पास में रहने वाले एक होटल कारोबारी की मां, जिनके हृदय में पहले से पेसमेकर लगा हुआ है, तेज आवाज के कारण अस्वस्थ हो गईं। उनकी हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।
तेज ध्वनि का असर इतना अधिक था कि समीप स्थित होटल में लगे कांच के शीशे भी टूट गए, जिससे कारोबारी को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों में आक्रोश देखने को मिला।

घटना के बाद होटल संचालक ने मेदिनीनगर टाउन थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों डीजे संचालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की और उपकरणों को जब्त कर लिया।

इस संबंध में पलामू की पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने कार्रवाई की पुष्टि की है। वहीं थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।

Join WhatsApp

Join Now