गढ़वा

गढ़वा में सुशासन सप्ताह के तहत कार्यशाला आयोजित, ‘प्रशासन गांव की ओर’ अभियान पर जोर

ख़बर को शेयर करें

झारखंड वार्ता संवाददाता

गढ़वा: भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के आलोक में जिले में सुशासन सप्ताह 2025 के अवसर पर ‘प्रशासन गांव की ओर’ अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। यह अभियान 19 दिसंबर से 25 दिसंबर 2025 तक जिले के सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में चलाया जा रहा है, जिसके तहत ग्रामीण जनता की समस्याओं का समाधान उनके ही प्रखंड व पंचायत स्तर पर शिविरों के माध्यम से किया जा रहा है।

इसी क्रम में समाहरणालय के सभाकक्ष में उपायुक्त दिनेश यादव की अध्यक्षता में सुशासन सप्ताह के तहत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान, लोक शिकायत निवारण प्रणाली को मजबूत करने तथा सरकारी सेवाओं की गुणवत्ता और पहुंच को बेहतर बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई। उपायुक्त ने अभियान को समयबद्ध एवं प्रभावी रूप से लागू करने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उपायुक्त दिनेश यादव ने कहा कि सुशासन सप्ताह के तहत आयोजित शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को उनके द्वार पर ही प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि पूर्व में ‘आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार’ और जनसुनवाई जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से भी यही लक्ष्य हासिल करने का प्रयास किया गया है। इन अभियानों के माध्यम से योग्य लाभुकों तक सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।

कार्यशाला के दौरान जिले में पिछले पांच वर्षों में अपनाई गई सुशासन की विभिन्न पहलुओं पर प्रस्तुतीकरण किया गया। इसमें सार्वजनिक सेवा वितरण, स्वास्थ्य, शिक्षा, शिकायत निवारण, सार्वजनिक कार्यों से जुड़ी उपलब्धियों को लघु फिल्मों, फोटो, प्रमाण पत्र और सफलता की कहानियों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा एवं अपर समाहर्ता राज महेश्वरम द्वारा दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में खरौंंधी दुग्ध उत्पादक सहयोग समिति के राधेश्याम यादव, बरवाडीह दुग्ध उत्पादक सहयोग समिति चिनियाँ की सरोज कुमारी तथा कंचनपुर दुग्ध उत्पादक सहयोग समिति रंका के निशांत ओझा शामिल हैं।

जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि सुशासन सप्ताह के तहत आयोजित प्रखंड एवं पंचायत स्तरीय शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। साथ ही सभी पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आग्रह किया गया है, ताकि जरूरतमंद एवं योग्य लाभुकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जा सके।

कार्यशाला में अनुमंडल पदाधिकारी श्री बंशीधर नगर प्रभाकर मिर्धा, जिला परिवहन पदाधिकारी धीरज प्रकाश, जिला पंचायत राज पदाधिकारी प्रमेश कुशवाहा, नगर परिषद गढ़वा के कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी देवानंद राम सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Vishwajeet

मेरा नाम विश्वजीत कुमार है। मैं वर्तमान में झारखंड वार्ता (समाचार संस्था) में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। समाचार लेखन, फीचर स्टोरी और डिजिटल कंटेंट तैयार करने में मेरी विशेष रुचि है। सटीक, सरल और प्रभावी भाषा में जानकारी प्रस्तुत करना मेरी ताकत है। समाज, राजनीति, खेल और समसामयिक मुद्दों पर लेखन मेरा पसंदीदा क्षेत्र है। मैं हमेशा तथ्यों पर आधारित और पाठकों के लिए उपयोगी सामग्री प्रस्तुत करने का प्रयास करता हूं। नए विषयों को सीखना और उन्हें रचनात्मक अंदाज में पेश करना मेरी कार्यशैली है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की कोशिश करता हूं।