July 26, 2026

झारखंड में 31 अगस्त तक बारिश-वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट; रांची, गढ़वा समेत पांच जिलों में आज तेज हवाओं के साथ होगी बारिश

image_editor_output_image1820843645-1756181324567.jpg

रांची: झारखंड में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने 29 अगस्त तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान कई जिलों में बिजली गिरने और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। वहीं, 30 और 31 अगस्त को भी राज्यभर में मध्यम से भारी वर्षा का सिलसिला जारी रहेगा।

आज गढ़वा, चतरा, रांची, लोहरदगा और लातेहार जिले के कुछ भागों में मौसम का मिजाज बदलेगा। इन जिलों में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हो सकती है। 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। गरज के साथ वज्रपात भी हो सकता है। इसे लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।

पिछले 24 घंटे का हाल

पिछले 24 घंटों में जामताड़ा में सबसे अधिक 88.2 मिमी और बोकारो में 32.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। तापमान की बात करें तो राज्य का अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।

सबसे अधिक अधिकतम तापमान : 33.5 डिग्री सेल्सियस (रामगढ़, गोला)

सबसे कम न्यूनतम तापमान : 20.6 डिग्री सेल्सियस (लातेहार)


बारिश का कारण

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से (उड़ीसा-पश्चिम बंगाल तट) पर 1.5 से 5.8 किमी ऊंचाई तक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम सक्रिय है। इसके प्रभाव से अगले 48 घंटों में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसका असर झारखंड समेत उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और दक्षिण गंगीय पश्चिम बंगाल में देखने को मिलेगा।

रांची और आसपास का पूर्वानुमान

मौसम केंद्र रांची के मुताबिक, 26 और 27 अगस्त को वज्रपात और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना अधिक है। इस दौरान राजधानी और आसपास के इलाकों में बादल छाए रहेंगे।


औसत से ज्यादा बारिश

1 जून से 25 अगस्त तक झारखंड में कुल 1000 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य से 33% अधिक है। रांची में अब तक 1258.8 मिमी वर्षा हुई है, जो सामान्य से 64% ज्यादा है।

लातेहार : 59% अधिक

रामगढ़ : 41% अधिक

सरायकेला-खरसावां : 75% अधिक


अगले पांच दिन का हाल

अगले पांच दिनों तक पूरे राज्य में सुहावना मौसम बने रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 27 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।

ख़बर को शेयर करें।