{"remix_data":[],"remix_entry_point":"challenges","source_tags":[],"origin":"unknown","total_draw_time":0,"total_draw_actions":0,"layers_used":0,"brushes_used":0,"photos_added":0,"total_editor_actions":{},"tools_used":{"transform":1},"is_sticker":false,"edited_since_last_sticker_save":true,"containsFTESticker":false}
रमना (गढ़वा): रमना थाना क्षेत्र के सिलिदाग पंचायत अंतर्गत मंगरा टोला-बिवाटिकर निवासी उमा शंकर विश्वकर्मा उर्फ भोला विश्वकर्मा के घर सोमवार की शाम खाना बनाने के दौरान गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही देर बाद गैस सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया। घटना में घर में रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया। अगलगी में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान की बात कही जा रही है।
पीड़ित उमा शंकर विश्वकर्मा ने बताया कि सोमवार की शाम करीब पांच बजे वह इंडेन गैस कंपनी का सिलेंडर गोदाम से लेकर घर आए थे। सिलेंडर को घर में रखने के बाद शाम करीब सात बजे खाना बनाने की तैयारी की गई। जैसे ही गैस जलाया गया, अचानक सिलेंडर में तेज आग लग गई। परिवार के लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही आग तेजी से फैलने लगी।

आग की लपटें इतनी तेज थीं कि परिवार के सदस्यों को घर से सामान निकालने तक का मौका नहीं मिला। देखते ही देखते घर में रखा कपड़ा, घरेलू सामान, मोबाइल सहित अन्य सामग्री जलने लगी। इसी दौरान गैस सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया। विस्फोट की आवाज से आसपास के लोगों में भी दहशत फैल गई। परिवार के सदस्यों ने किसी तरह घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
जमीन के महत्वपूर्ण कागजात भी जले
पीड़ित के अनुसार, आग में जमीन से संबंधित महत्वपूर्ण कागजात समेत कई जरूरी दस्तावेज जलकर राख हो गए। दस्तावेजों के जल जाने से भविष्य में जमीन संबंधी कार्यों को लेकर परिवार के सामने परेशानी खड़ी हो सकती है।
उन्होंने बताया कि घर में रखे करीब 60 हजार रुपये नकद भी आग में जल गए। इसके अलावा परिवार के सदस्यों के कपड़े, मोबाइल, घरेलू उपयोग की सामग्री और अन्य जरूरी सामान पूरी तरह नष्ट हो गए।
बॉक्स में रखे ढाई लाख के गहने भी खाक
उमा शंकर ने बताया कि घर में रखे एक बॉक्स में परिवार के गहने भी थे। आग की चपेट में आने से करीब ढाई लाख रुपये मूल्य के गहने भी जलकर नष्ट हो गए। नकद रुपये, गहने, जरूरी दस्तावेज और घरेलू सामान समेत परिवार की वर्षों की जमा पूंजी कुछ ही मिनटों में आग की भेंट चढ़ गई।
परिवार के सामने आर्थिक संकट
अगलगी की घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। परिवार का कहना है कि वर्षों की मेहनत से जुटाई गई संपत्ति और रोजमर्रा की जरूरत का सामान पलभर में नष्ट हो गया। आग में नकदी, गहने और जरूरी कागजात जलने से उनकी परेशानी और बढ़ गई है।
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से घटना की जांच कराने, नुकसान का आकलन करने तथा आपदा राहत के तहत उचित मुआवजा एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। घटना के बाद पूरा परिवार सदमे में है।







