
लातेहार: जिले में शुक्रवार की शाम मौसम का मिजाज अचानक बिगड़ने से बड़ा हादसा हो गया। सदर थाना क्षेत्र के ललमटिया डैम के पास आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान नावाडीह गांव निवासी दिनेश भुइयां और मुकेश भुइयां के रूप में हुई है। दोनों युवक मछली पकड़ने के लिए डैम के किनारे गए थे।
जानकारी के अनुसार, नावाडीह गांव के रहने वाले दिनेश भुइयां और मुकेश भुइयां शुक्रवार की शाम मछली पकड़ने के लिए ललमटिया डैम पहुंचे थे। दोनों डैम के किनारे बैठकर मछली पकड़ने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान मौसम अचानक बदल गया और हल्की बारिश शुरू हो गई।
बताया जाता है कि बारिश के बीच अचानक तेज गर्जना के साथ डैम क्षेत्र में जोरदार वज्रपात हुआ। इसकी चपेट में दोनों युवक आ गए। वज्रपात के बाद दोनों घटनास्थल पर ही अचेत होकर गिर पड़े।
घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाई और दोनों युवकों को तत्काल इलाज के लिए लातेहार सदर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर गांव में पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई।
इधर, दोनों युवकों की मौत की सूचना मिलते ही उनके परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।







