
धनबाद: धनसार थाना क्षेत्र में देर रात चोरी की वारदात को अंजाम देने की तैयारी में घूम रहे छह युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वहीं, पूछताछ में हथियार उपलब्ध कराने वाले आरोपी का नाम सामने आने के बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद मोटरसाइकिलों में एक चोरी की है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और पूर्व में की गई चोरी की घटनाओं का पता लगाने में जुटी है।
घटना 22 अगस्त की रात की बताई जा रही है। धनसार थाना के उपनिरीक्षक पवन कुमार रवि सशस्त्र बल के साथ मनाईटांड़ कतरास मोड़ के पास रात्रि गश्ती कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस टीम की नजर दो मोटरसाइकिलों पर सवार युवकों पर पड़ी। दोनों बाइकों पर तीन-तीन युवक बैठे थे और संदिग्ध परिस्थितियों में इलाके में घूम रहे थे।
पुलिस वाहन को देखते ही सभी युवक भागने लगे। संदेह होने पर पुलिस टीम ने उनका पीछा शुरू किया। गोधीनगर शिव मंदिर के पास घेराबंदी कर पुलिस ने छह युवकों को पकड़ लिया। इसके बाद सभी की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान आजाद आलम की कमर से एक देशी कट्टा बरामद किया गया। वहीं मुकेश कुमार के पास से 3.15 एमएम का एक जिंदा कारतूस मिला। हथियार और कारतूस बरामद होने के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों से सख्ती से पूछताछ शुरू की।
पुलिस पूछताछ में नितीश कुमार ने बताया कि उसके पास मौजूद सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल उसकी अपनी है। वहीं दूसरी हीरो ग्लैमर बाइक के संबंध में पूछताछ करने पर सामने आया कि उसे एक दिन पहले मटकुरिया इलाके से चोरी किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी रात के समय इलाके में घूमकर संभावित स्थानों की रेकी कर रहे थे। उनका उद्देश्य चोरी की घटनाओं को अंजाम देना बताया जा रहा है।
पूछताछ के दौरान आजाद आलम ने पुलिस को बताया कि देशी कट्टा उसे जग्गू पासवान से मिला था। इस जानकारी के बाद पुलिस ने जग्गू की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने उसकी निशानदेही और मिली जानकारी के आधार पर दुहाटांड़ काली मंदिर के पास छापेमारी की, जहां से जग्गू पासवान को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
इस तरह पुलिस ने मामले में कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकेश कुमार, मो. साकिर हुसैन, किशन बासफोर, बबलू यादव, नितीश कुमार, आजाद आलम और जग्गू पासवान के रूप में हुई है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और चोरी से संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। बरामद दोनों मोटरसाइकिलों, देसी कट्टा और जिंदा कारतूस को जब्त कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
प्रारंभिक पूछताछ और जांच पूरी करने के बाद सभी सात आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर आगे की जांच जारी है। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और पूर्व की चोरी की घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।







