{"remix_data":[],"remix_entry_point":"challenges","source_tags":["local"],"origin":"unknown","total_draw_time":0,"total_draw_actions":0,"layers_used":0,"brushes_used":0,"photos_added":0,"total_editor_actions":{},"tools_used":{"transform":1},"is_sticker":false,"edited_since_last_sticker_save":true,"containsFTESticker":false}
धनबाद: वासेपुर के कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के भाई बंटी खान को धनबाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, बंटी फर्जी दस्तावेजों के सहारे देश छोड़कर दुबई भागने की तैयारी में था। इससे पहले कि वह अंतरराष्ट्रीय उड़ान पकड़ पाता, पश्चिम बंगाल पुलिस के सहयोग से धनबाद पुलिस ने उसे कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद बंटी खान को धनबाद लाया गया है। फिलहाल उसे बैंक मोड़ थाना में रखा गया है, जहां धनबाद पुलिस के कई वरीय अधिकारी उससे पूछताछ कर रहे हैं। पुलिस उसकी गिरफ्तारी को वासेपुर में हुई फायरिंग की एक अहम कड़ी मानकर जांच आगे बढ़ा रही है।
इकबाल खान के चालक पर फायरिंग मामले में शिकंजा
पुलिस के मुताबिक, वासेपुर में गैंगस्टर फहीम खान के बेटे इकबाल खान को निशाना बनाकर हमला करने की कोशिश की गई थी। इस दौरान उसके चालक बबली खान उर्फ हैदर अंसारी पर गोली चलाई गई थी। इसी मामले की जांच के दौरान बंटी खान का नाम सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी।
जांच के दौरान पुलिस को उसके कोलकाता में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पश्चिम बंगाल पुलिस के साथ समन्वय कर कार्रवाई की गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
एक असली, एक फर्जी पासपोर्ट बरामद
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने बंटी खान के पास से एक वैध और एक कथित फर्जी पासपोर्ट बरामद किया है। इसके अलावा उसके पास से वीजा भी मिला है। बरामद दस्तावेजों के आधार पर पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसने विदेश भागने के लिए किस तरह की तैयारी की थी और फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कहां-कहां किया गया।
पुलिस को आशंका है कि बंटी खान अपने भाई गोपी खान के पास दुबई जाने की तैयारी में था। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक तौर पर कोई पुष्टि नहीं की गई है। पूछताछ में इस पूरे नेटवर्क से जुड़े पहलुओं को खंगाला जा रहा है।
कई गंभीर मामलों में पुलिस को थी तलाश
बंटी खान के खिलाफ धनबाद में हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और आपराधिक साजिश समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। लंबे समय से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। अब गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे उसके आपराधिक नेटवर्क, फायरिंग की घटना और विदेश भागने की कथित योजना को लेकर पूछताछ कर रही है।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बंटी खान के पास फर्जी पासपोर्ट कैसे पहुंचा, उसके विदेश जाने की योजना में कौन-कौन लोग मदद कर रहे थे और इस पूरे मामले में वासेपुर के आपराधिक नेटवर्क की क्या भूमिका है।
बंटी खान की गिरफ्तारी को धनबाद पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। पूछताछ के बाद मामले में और भी खुलासे होने की उम्मीद है।







