{"remix_data":[],"remix_entry_point":"challenges","source_tags":["local"],"origin":"unknown","total_draw_time":0,"total_draw_actions":0,"layers_used":0,"brushes_used":0,"photos_added":0,"total_editor_actions":{},"tools_used":{"transform":1},"is_sticker":false,"edited_since_last_sticker_save":true,"containsFTESticker":false}
पुरुलिया: पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में प्रेम संबंध से जुड़े विवाद में 21 वर्षीय युवती की कथित हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने युवती की हत्या के आरोप में उसके 23 वर्षीय प्रेमी को गिरफ्तार किया है। हत्या के बाद युवक ने शव को प्लास्टिक की बोरी में लपेटा और बाइक से उसे ठिकाने लगाने के लिए निकल पड़ा। रास्ते में पुलिस की नाकाबंदी के दौरान उसकी बाइक रोकी गई और तलाशी में प्लास्टिक में लिपटा शव बरामद होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमित कुमार महतो (23) के रूप में हुई है। वह बाघमुंडी थाना क्षेत्र के हुरुमदा गांव का रहने वाला है। मृतका की पहचान प्रितिका महतो (21) के रूप में हुई है, जो बुड़दा गांव की रहने वाली थी।
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक अमित कुमार महतो पढ़ाई और नौकरी की तैयारी के लिए पुरुलिया शहर से सटे टामना थाना क्षेत्र में एक मेस में रहता था। प्रितिका भी इसी इलाके में रहकर नर्सिंग की ट्रेनिंग कर रही थी। पिछले कुछ समय से अमित को संदेह था कि प्रितिका किसी अन्य युवक के संपर्क में है, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। इसी रंजिश के तहत अमित ने शनिवार को प्रीतिका को अपने सुनसान मेस में बुलाया। वहां दोनों के बीच तीखी बहस हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि अमित ने आपा खो दिया और धारदार हथियार से युवती के गले पर जोरदार वार कर दिया। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण युवती ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
वारदात के बाद आरोपी ने शव को प्लास्टिक में लपेट दिया। इसके बाद देर रात वह शव को बाइक पर लेकर उसे ठिकाने लगाने के इरादे से बाघमुंडी-बालरामपुर रोड की ओर निकल पड़ा। इसी दौरान पीपीएसपी कार्यालय के सामने पुलिस की नाका चेकिंग चल रही थी। पुलिसकर्मियों ने बाइक सवार अमित को रोककर जांच की। तलाशी के दौरान प्लास्टिक में लिपटा शव मिलने से पुलिस भी हैरान रह गई। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और फिर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी अमित कुमार महतो को पुरुलिया जिला अदालत में पेश किया। पुलिस ने मामले की गहराई से जांच और पूछताछ के लिए आरोपी की हिरासत मांगी। अदालत ने आरोपी को 9 दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पुरुलिया गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया है। अब पुलिस वारदात की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है। आरोपी के बयान की भी जांच की जा रही है। इसके अलावा पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या के बाद शव को आखिर कहां ले जाकर ठिकाने लगाने की योजना थी।







